अयोध्या: पुलिस का खुलासा, प्रेम संबंध के चलते हुई थी युवती की हत्या
अयोध्या। जनपद के थाना महराजगंज पुलिस ने बीते सात सितम्बर को धान के खेत में मिली लड़की के लाश की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ सदर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने प्रेस कांफ्रेंस कर पत्रकारों को बताया कि चार सितम्बर को ग्राम अदमापुर निवासिनी रुमा …
अयोध्या। जनपद के थाना महराजगंज पुलिस ने बीते सात सितम्बर को धान के खेत में मिली लड़की के लाश की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ सदर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने प्रेस कांफ्रेंस कर पत्रकारों को बताया कि चार सितम्बर को ग्राम अदमापुर निवासिनी रुमा खाना बनाने के लिए खेत से लकड़ी लेने गयी थी। जो अचानक गायब हो गयी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पांच सितम्बर को परिजनों की तहरीर पर थाना महराजगंज ने गुमशुदगी दर्जकर उसकी खोज में पुलिस टीम को लगा दिया था। पुलिस जब तक उसकी कुछ सुराग लगा पाती कि सात सितम्बर को धान के खेत में एक लड़की का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान रुमा के रूप में किया। पुलिस ने मौके पर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया। पीएम रिपोर्ट में लड़की की मौत कारण एंटीमार्टम इन्जरी व गला दबाने से पाया गया। जिस पर पुलिस ने मु.स.स. 294/21धारा302,201 आइपीएस के तहत केस दर्जकर हत्यारे की तलाश में जुट गयी थी।
हत्यारे की तलाश में महराजगंज पुलिस के साथ स्वाट टीम को भी लगाया गया था। विवेचना के दौरान अदमापुर गाँव के ही एक युवक की भूमिका सामने आई और पुलिस व स्वाट टीम उसकी तलाश में जुट गयी। रविवार को सुबह आठ बजे पुलिस व स्वाट टीम ने युवक को फैजाबाद अकबरपुर रोड पर स्थित समंथा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये युवक की पहचान बालगोपाल यादव उर्फ़ विनोद कुमार यादव पुत्र हनुमान प्रसाद यादव निवासी अदमापुर थाना महराजगंज अयोध्या के रूप में हुई।
सीओ सदर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ सम्बन्ध था। अचानक मृतका द्वारा शादी का दबाव बनाने जाने पर सामाजिक भय के कारण उसके सर पर डंडे से वार किया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए लड़की के शरीर पर चाकू से निशान भी बना दिया और शव को गन्ने की खेत में फेंककर चला गया।
भोर में आरोपी पुनः गन्ने की खेत में गया और लडकी का शव निकाल कर बगल में धान के खेत में फेक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक डंडा, एक चाकू, घटना के दिन पहने हुए अभियुक्त के कपड़े व मृतका का दुपट्टा व हवाई चप्पल बरामद कर लिया। पुलिस ने मिले साक्ष्य के आधार पर उक्त केस में धारा 302, 201 आईपीसी में धारा 376 आईपीसी व 5(ड)/6 पाक्सो ऐक्ट को भी जोड़ दिया।
