यूपी: वरुण गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, गन्ना मूल्य को लेकर कर दी ये मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कृषि कानून को लेकर किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर प्रदेश सरकार की मुश्किलें बढ़ाई हैं। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उन्होंने गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल करने, डीजल पर 20 रुपये सब्सिडी, गेहूं धान की खरीद पर 200 रुपये बोनस देने और आवारा …

लखनऊ। कृषि कानून को लेकर किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर प्रदेश सरकार की मुश्किलें बढ़ाई हैं। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उन्होंने गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल करने, डीजल पर 20 रुपये सब्सिडी, गेहूं धान की खरीद पर 200 रुपये बोनस देने और आवारा पशुओं को नियंत्रित करने की मांग उठाई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित इस पत्र में वरुण गांधी ने सात बिंदुओं पर मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा है। हालांकि पत्र में उन्होंने गन्ना भुगतान कराने जैसे अनेक कार्यों के लिए सरकार की सराहना की, किंतु स्पष्ट कहा है कि पिछले चार सत्रों में सरकार ने गन्ना मूल्य में केवल दस रुपये की ही बढ़ोत्तरी की है। इसलिए गन्ना मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति कुंतल किया जाए। यही नहीं बटाईदारी पर गन्ना बोने वालों की गन्ना खरीद, सस्ते उर्वरक, बीज और कीटनाशक आदि की भी मांग की है।

गन्ना किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खेती की लागत बढ़ रही है, डीजल मूल्य में 20 रुपये सब्सिडी दी जाए। किसानों के नलकूप व आवासीय बिजली बिल के रेट भी कम किए जाएं। आवारा पशुओं की समस्या विकराल है, जो दिन रात फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसलिए प्रभावकारी कदम उठाए जाएं। उन्होंने गेहूं धान की पूरी उपज एमएसपी पर खरीदे जाने की वकालत करते हुए 200 रुपये प्रति कुंतल बोनस देने की भी मांग की।

साथ ही कहा कि पीएम किसान योजना में किसानों को मिलने वाली धनराशि छह की जगह 12 हजार की जाए। जिसमें से छह हजार रुपये प्रदेश सरकार अपनी ओर से देने पर विचार करे। मनरेगा मजदूरों को कृषि कार्य में लगाकर धन के सदुपयोग और खेती की लागत घटाने का सुझाव भी उन्होंने दिया।

संबंधित समाचार