हल्द्वानी: विधानसभा के 40 वार्डों में निकालेंगे ‘इंदिरा विकास संकल्प यात्रा’ -सुमित
हल्द्वानी, अमृत विचार। पब्लिसिटी कमेटी के अध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए 19 सितंबर से हल्द्वानी विधानसभा के 40 वार्डों में ‘इंदिरा विकास संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। सोमवार को नैनीताल रोड …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पब्लिसिटी कमेटी के अध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए 19 सितंबर से हल्द्वानी विधानसभा के 40 वार्डों में ‘इंदिरा विकास संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी।
सोमवार को नैनीताल रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सुमित हृदयेश ने कहा कि उनकी माता इंदिरा हृदयेश को दुनिया से विदा हुए तीन माह का समय पूरा हो गया है। उनकी स्मृति में प्रत्येक माह की 13 तारीख को टीम थाल सेवा के जरिए निर्बल तबके को भोजन करा श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसी तरह रुद्रपुर में भी जिंदगी जिंदाबाद संस्था की मदद से जरूरतमंदों को भोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर, आईएसबीटी, रिंग रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारा था जिन्हें भाजपा की प्रदेश सरकार ने द्वेष की भावना के चलते रोक दिया है। डबल इंजन सरकार के संसदीय कार्यमंत्री को स्थानीय बिजली विभाग के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा जो राज्य की दुर्दशा की कहानी बयां करता है।
हृदयेश ने कहा कि विकास को जन-जन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए 19 सितंबर से हल्द्वानी विधानसभा के 40 वार्डों में ‘इंदिरा विकास संकल्प यात्रा’ का शुरू करेंगे। 80 से 120 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में प्रत्येक वार्ड में पदयात्रा निकालकर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इस यात्रा का प्रमुख उदेद्श्य समस्याओं का समाधान आपके द्वार है।
साथ ही कांग्रेस को सत्ता में लाकर आईएसबीटी, अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर व स्टेडियम को शुरू कराया जाएगा। इस दौरान गोविंद बिष्ट, राजेंद्र सुयाल, वरुण प्रताप भाकुनी, मयंक भट्ट, सुहेल सिद्दीकी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, जाकिर हुसैन, नरेन्द्रजीत सिंह रोडू, गोविंद बगड़वाल, मयंक बिष्ट, अबु तसलीम, गिरीश पांडे, वीर सिंह बिष्ट, रोहित भट्ट आदि मौजूद रहे।
‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, मेरे खून में कांग्रेस की विचारधारा है’
एआईसीसी सदस्य ने कहा कि हल्द्वानी भाजपा के एक नेता अफवाह फैला रहे हैं कि मैं भाजपा में शामिल होने वाला हूं। ऐसा कुछ भी नहीं है मेरे खून में कांग्रेस की विचारधारा है। मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं, कांग्रेस को सत्ता में लाना हमारा संकल्प है। यह जानबूझकर एक षडयंत्र के तहत फैलाई जा रही अफवाह है। उन्होंने दिग्गजों के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देने वाली पार्टी कांग्रेस युक्त भाजपा हो गई है।
