देहरादून: राज्य में लिखेंगे महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय-राज्यपाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने बुधवार को राजभवन में उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात राज्यपाल ने भारतीय सेना की 4 मराठा बटालियन …

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने बुधवार को राजभवन में उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात राज्यपाल ने भारतीय सेना की 4 मराठा बटालियन रेजीमेंट द्वारा दिए गए सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। समारोह का संचालन मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने करते हुए राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया।

मीडिया से अनौपचारिक वार्ता में राज्यपाल ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं स्वावलम्बी और बहादुर हैं, ऐसे में यहां की बेटियों को सैनिक स्कूलों, एनडीए के लिए प्रेरित कर राज्य में महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जाएगा।
बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सैनिकों के बुजुर्ग माता-पिता और परिवार भी उत्तराखंड में हैं। इनकी स्वास्थ्य, पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजनाएं व सुविधाएं मेरी प्राथमिकता हैं।

पवित्र भूमि की सेवा मेरा सौभाग्य
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ चार धाम हैं। गंगा और यमुना का मायका है, इसके अलावा श्री नानकमत्ता साहिब, श्री रीठा साहिब, श्री हेमकुंड साहिब जैसे अनेक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हैं। यह पवित्र भूमि है, जिसकी सेवा करना सौभाग्य की बात है। राज्यपाल ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया कि उनको उत्तराखंड का राज्यपाल बनने का मौका दिया।

तरक्की की नयी इबारत लिखनी है
राज्यपाल ने कहा कि समय तेजी से परिवर्तित हो रहा है। यह टेक्नोलॉजी का युग है। राज्य दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगा है, इसलिए कनेक्टिविटी, पुल, सड़कों, टनल का संपर्क भी महत्वपूर्ण है। समय के अनुसार विकास और तरक्की की नई इबारत लिखनी है।

राज्य सरकार को देंगे पूरा सहयोग
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति का खजाना है। इसका सौंदर्य आलौकिक है। उत्तराखंड में पर्यटन, पर्यटन आधारित बिजनेस, जैविक कृषि, योग-आयुर्वेद, खाद्य प्रौसेसिंग पर आधारित लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर पहाड़ों में रोजगार और उद्यमिता के अपार अवसर सृजित किए जा सकते हैं। वर्तमान सरकार इस दिशा में अच्छा प्रयास कर रही है, आगे भी इसके लिए हरसंभव सहयोग राज्य सरकार को हमेशा रहेगा।

वीर योद्धाओं को किया नमन
राज्यपाल ने उत्तराखंड के वीर सपूत प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा और परमवीर चक्र विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल धन सिंह थापा के साहस, शौर्य और पराक्रम पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्तराखंड से राष्ट्र सुरक्षा के लिए सम्मानित 23 महावीर चक्र, 147 वीर चक्र, 6 अशोक चक्र, 19 कीर्ति चक्र प्राप्त करने वाले वीर योद्धाओं को नमन किया।

मुख्यमंत्री व कैबिनेट ने दी बधाई
नवनियुक्त राज्यपाल गुरमीत सिंह को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और प्रदेश कैबिनेट ने नए पदभार हेतु बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव राज्यपाल बृजेश कुमार संत, अपर सचिव जितेन्द्र कुमार सोनकर सहित गणमान्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार