सत्ता में आई कांग्रेस तो गैरसैंण बनेगी स्थाई राजधानी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनता के प्रचंड बहुमत का भाजपा ने उसे कोई लाभ नहीं दिया। चुनावी साल सामने आते ही कोरी घोषणाएं कर जनता को बरगलाने का काम किया जा रहा है। विकास के लिए कांग्रेस पार्टी के अलावा अब कोई विकल्प शेष नहीं है। कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो सबसे पहले गैरसैंण को स्थाई …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनता के प्रचंड बहुमत का भाजपा ने उसे कोई लाभ नहीं दिया। चुनावी साल सामने आते ही कोरी घोषणाएं कर जनता को बरगलाने का काम किया जा रहा है। विकास के लिए कांग्रेस पार्टी के अलावा अब कोई विकल्प शेष नहीं है। कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो सबसे पहले गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाया जाएगा।

यह बात राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने अल्मोड़ा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का पांच साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार को रिक्त पदों को भरने व टनकपुर- बागेश्वर रेल लाइन जैसे कई कार्यों की याद नहीं आई, मगर अब चुनाव नजदीक देखते ही सब याद आने लगा है। उन्होंने कहा कि जिन बाइस हजार पदों को आज भरने की बात हो रही है, इन्हें आज तक क्यों नहीं भरा गया।

इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसका जवाब भाजपा सरकार को देना चाहिए। राज्य सभा सांसद ने कहा कि भाजपा को उसकी कल्पना से ज्यादा प्रचंड बहुमत जनता ने दिया, लेकिन इसके बदले जनता को भाजपा सरकार कुछ नहीं दिया। आज जिन कामों का श्रेय लेना भाजपा कोशिश कर रही है, उनमें से कई कामों की नींव कांग्रेस शासनकाल में रखी जा चुकी है। टम्टा ने कहा कि पांच सालों में अल्मोड़ा मेडिकल बनना तो दूर, अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह कब तक शुरू हो पाएगा।

अल्मोड़ा में कांग्रेस सरकार द्वारा एक बड़े उद्देश्य से स्थापित किए गए आवासीय विश्वविद्यालय को भाजपा सरकार लील गई। सोमेश्वर में आज तक महिला बेस अस्पताल के नाम पर एक ईंट नहीं लग सकी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगारी में प्रथम प्रदेश बन गया है। यह भाजपा सरकार की उपलब्धि है और आज चुनाव नजदीक देख भाजपा सरकार को युवाओं व नौकरी देने की याद आने लगी।

टम्टा ने कहा है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो गैरसैण स्थाई राजधानी बनेगी और यह बात कांग्रेस के घोषणा पत्र में भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्राथमिकता से कमजोर वर्गों को उनके हक दिलाएगी और बेरोजगारी दूर करने के लिए बैकलॉग समेत सभी रिक्त पदों को भरेगी।वार्ता के दौरान कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, राजेश बिष्ट, दिनेश नेगी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार