कयासों के बाण या भाजपा में आएंगे ‘राम’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकुर शर्मा, हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में इन दिनों में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सुर्खियों में हैं। विधायक की भाजपा मंचों पर मौजूदगी और भाजपा नेताओं से नजदीकी ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि विधायक राम सिंह कैड़ा भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इधर, राजनीतिक …

अंकुर शर्मा, हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में इन दिनों में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सुर्खियों में हैं। विधायक की भाजपा मंचों पर मौजूदगी और भाजपा नेताओं से नजदीकी ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि विधायक राम सिंह कैड़ा भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इधर, राजनीतिक सूत्रों की मानें तो भाजपा के प्रदेश से मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने विधायक के भाजपा में शामिल होने का विरोध कर दिया है। ऐसे में विधायक की भाजपा की राह आसान नहीं दिख रही है।

राज्य में इन दिनों राजनीतिक उठापटक जारी है। गढ़वाल से कांग्रेस व उक्रांद के कई दिग्गजों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। कुमाऊं में भी ऐसे ही उठापटक की चर्चाएं हैं। इन चर्चाओं में सबसे ऊपर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा हैं। छात्र नेता से उभरे राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस के झंडे तले भीमताल विधानसभा में राजनीतिक कसरत की। साल 2017 में उन्होंने भीमताल से दावेदारी की लेकिन कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर आए दान सिंह भंडारी को टिकट दिया ।

इसपर कैड़ा बागी हो गए और उन्होंने निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतर गए। प्रचंड मोदी लहर में भी भाजपा उम्मीदवार को हराकर वह विधायक बन गए। विधायक बनने के बाद से ही वह अप्रत्यक्ष तौर पर भाजपा से जुड़े रहे। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव-2022 नजदीक आते गए उनकी नजदीकियां भाजपा से बढ़ गई। चर्चाएं हैं कि विधायक कैड़ा कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इधर, विधायक को लेकर भाजपा में अंदरूनी कलह बढ़ गई है।

भाजपा के कई नेता जो भीमताल विधानसभा से टिकट की राह देख रहे थे उन्होंने विधायक कैड़ा के शामिल होने का विरोध किया है। इसी के साथ ही भीमताल विधानसभा के भी कई पदाधिकारियों ने कैड़ा के भाजपा में शामिल होने का विरोध किया है। अब भाजपा के प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के हाईकमान के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भाजपा ने इसको लेकर गोपनीय सर्वे शुरू करा दिया है। फिलहाल विधायक के लिए भाजपा में शामिल होने की राह में कई अड़चनें हैं। विधायक राम सिंह कैड़ा से इस बारे में वार्ता की गई तो उनसे बात नहीं हो पाई। जब वह अपना पक्ष देंगे तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

भाजपा का जनाधार बढ़ा है, कांग्रेस, सपा, बसपा, उक्रांद समेत सभी दलों के नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। सभी का स्वागत है। विधायक राम सिंह कैड़ा का भी स्वागत है। लेकिन पार्टी टिकट विजयी होने वाले उम्मीदवार को ही देगी। यदि पार्टी का कार्यकर्ता विजयी हो सकता है तो जरूरी नहीं है कि अन्य दलों से आने वालों को टिकट मिले।= मनोज साह, मंडी अध्यक्ष

विधायक राम सिंह कैड़ा के भाजपा में शामिल होने पर पदाधिकारियों की जो राय है, प्रदेश संगठन को उससे अवगत करा दिया गया है। भाजपा में कोई भी सशर्त शामिल नहीं होता है। सभी पार्टी व जनता की सेवा के लिए शामिल होते हैं।= प्रदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा, नैनीताल

मैं क्षेत्र में जनसंपर्क और जनता की सेवा में लगा हुआ हूं। मैं निर्दलीय ही  चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा हूं। = राम सिंह कैड़ा, विधायक भीमताल

 

संबंधित समाचार