अमरोहा: कब्रिस्तान में तांत्रिक क्रिया, कब्र खुदी हुई देख लोगों में फैला गुस्सा
अमरोहा/ हसनपुर, अमृत विचार। कब्रिस्तान में तांत्रिक क्रिया किये जाने से मुस्लिम समाज में रोष फैल गया। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने जमा होकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुस्साये लोगों को समझा कर शांत कर दिया। तांत्रिक कमरे में ताला डालकर फरार हो गया। शनिवार की सुबह नगर के …
अमरोहा/ हसनपुर, अमृत विचार। कब्रिस्तान में तांत्रिक क्रिया किये जाने से मुस्लिम समाज में रोष फैल गया। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने जमा होकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुस्साये लोगों को समझा कर शांत कर दिया। तांत्रिक कमरे में ताला डालकर फरार हो गया।
शनिवार की सुबह नगर के हैबतपुर बंजारा मार्ग पर शाह दरगाह कब्रिस्तान में आम के बाग से सटे छोर पर तांत्रिक क्रिया का सामान पड़ा हुआ देखकर लोगों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में वहां पर भीड़ ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। कब्रिस्तान में एक कब्र खुदी हुई थी। बाल भी कटे हुए थे तथा मुर्गा भी काटा गया था। तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री भी पड़ी हुई थी।
सूचना मिलते ही शहर इंचार्ज लवनीश चौधरी पुलिस बल के साथ में पहुंच गये तथा हंगामा काट रही भीड़ को समझा कर शांत कर दिया। नगर पालिका परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन चमन अंसारी सभासद शाहनवाज अंसारी ने पुलिस के साथ मिलकर भीड़ को काम करने में योगदान दिया। बताया जा रहा है कि दरगाह के समीप ही तांत्रिक रहता है जो ऐसी क्रियाओं को अंजाम देता है। तांत्रिक कोठरी में ताला डालकर फरार हो गया है। लोग तांत्रिक को तलाश कर रहे है। तांत्रिक क्रिया किये जाने से मुस्लिम समाज के लोगों में भारी गुस्सा फैला हुआ है।
