हल्द्वानी: संयुक्त आबकारी के दफ्तर में सुरक्षा इंतजामात नहीं, चोरों ने बोला धावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जजी के पास चोरों ने संयुक्त आबकारी आयुक्त दफ्तर में सेंध लगा दी। चोरों ने संयुक्त आबकारी आयुक्त दफ्तर के साथ ही इमारत के निचले तल में रात भर तांडव मचाया। चोर इमारत से नल की 35 टोंटियां खोलकर ले गए। नतीजन आयुक्त दफ्तर समेत पूरी इमारत का निचला तल पानी-पानी हो …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जजी के पास चोरों ने संयुक्त आबकारी आयुक्त दफ्तर में सेंध लगा दी। चोरों ने संयुक्त आबकारी आयुक्त दफ्तर के साथ ही इमारत के निचले तल में रात भर तांडव मचाया। चोर इमारत से नल की 35 टोंटियां खोलकर ले गए। नतीजन आयुक्त दफ्तर समेत पूरी इमारत का निचला तल पानी-पानी हो गया।

नैनीताल रोड में जजी कोर्ट परिसर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर जेपीएस भवन में संयुक्त आबकारी आयुक्त का किराए का दफ्तर है। इसके बराबर में ही भवन का निचला तल भी किराए पर है। शुक्रवार देर रात चोरों ने निचले तल पर स्थित संयुक्त आबकारी आयुक्त दफ्तर में सेंध लगा दी। सुबह कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो वारदात का पता चला। चोर भवन के निचले तल के ताले तोड़कर 35 नल की टोंटियों पर हाथ साफ कर गए। टोंटियां निकालने के प्रयास में चोरों ने तोड़फोड़ भी की।

नल की टोंटी खुलने से टैंक का पूरा पानी निचले तल में आ गया। इससे आबकारी विभाग के दफ्तर समेत पूरा तल पानी-पानी हो गया। चोरों ने टोंटियों के अलावा दफ्तर के कंप्यूटर आदि उपकरणों और दूसरे किराएदार के कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया था। अलबत्ता चोरों ने भवन के निचले तल को पूरी तरह से खंगाल दिया था। इस मामले में उप आबकारी आयुक्त विवेक सोनकिया की ओर से भोटिया पड़ाव चौकी में तहरीर दी गई है। इसकी शिकायत डीएम और एसएसपी से भी की है। चौकी प्रभारी पीएस नगरकोटी ने बताया कि चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।

महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान में सुरक्षा इंतजामात नहीं 
आबकारी विभाग जैसे सैकड़ों करोड़ सालाना राजस्व देने वाले महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठान में सुरक्षा के इंतजामात नहीं हैं। आबकारी के दफ्तर समेत पूरे परिसर में उप आयुक्त को छोड़कर कहीं भी सीसीटीवी नहीं है। वारदात की रात उप आयुक्त दफ्तर का सीसीटीवी बंद था। परिसर में रात्रि चौकीदार की भी व्यवस्था नहीं है। उप आबकारी आयुक्त ने बताया कि घटना के बाद सावधानी बरतते हुए सुरक्षा मजबूत की जा रही है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चोरी का खुलासा नहीं
आठ माह पूर्व पॉलीशीट में राजकीय मेडिकल कॉलेज के कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर में भी इसी तरह टोंटियों की चोरी हुई थी। चोरों ने सेंटर में सेंध लगाकर 19 टोंटियों पर हाथ साफ कर दिया था। अभी तक पुलिस चोरी की इस वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। इसके अलावा भी हल्द्वानी में कई स्थानों से नलों की टोंटियां चोरी हो चुकी हैं। पुलिस का मानना है कि इस वारदात को टोंटी चोर गिरोह ने अंजाम दिया है।

बटाईदार की झोपड़ी खंगाली, नकदी-जेवर पार
जजफार्म में चोरों ने एक बटाईदार की झोपड़ी खंगाल डाली और हजारों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित चंद्रपाल कश्यप यहां भरत दास के खेतों में पिछले 20 साल से बटाई का काम कर रहा है। चंद्रपाल और उसका परिवार खेत में ही झोपड़ी में रहता है। शुक्रवार रात चोर दबे पांव झोपड़ी में दाखिल हुए और बैग में रखी चार हजार की नकदी, सोने के मंगलसूत्र और चांदी की पायल पार कर ली।

संबंधित समाचार