बाराबंकी: बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं कस्बा वासी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। पांच दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के कारण जैदपुर कस्बे में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिसके चलते विद्युत आपूर्ति भी कस्बा सहित पूरे क्षेत्र की बाधित हो गई थी। पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों के साथ मिलकर कुछ जागरूक व समाजसेवी लोगों ने दो दिन तक पावर हाउस में भरे हुए पानी …

बाराबंकी। पांच दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के कारण जैदपुर कस्बे में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिसके चलते विद्युत आपूर्ति भी कस्बा सहित पूरे क्षेत्र की बाधित हो गई थी। पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों के साथ मिलकर कुछ जागरूक व समाजसेवी लोगों ने दो दिन तक पावर हाउस में भरे हुए पानी को इंजन लगाकर बाहर निकलवाया था। जिससे बाद पावर हाउस सहित आधे कस्बे की बिजली सप्लाई शुरू की गई। लेकिन आधे कस्बे भर में पानी भरा होने से बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई थी।

शनिवार और रविवार को तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल होने लगे। जिससे बिजली सप्लाई शुरू कराने के लिए जनता अधिकारियों की चिरौरी करने लगी। लेकिन अधिकारी संविदा कर्मचारियों के सहारे उपभोक्ताओं की बात को टाल मटोल करने में लगे रहे। रविवार को बुनकर अधिकार संगठन के अध्यक्ष तफ़ज़्ज़ुल हुसैन ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ व अन्य जागरूक लोगों ने जमीन पर बिखरे हुए तारों को बल्ली के सहारे ऊपर उठाया। फिर बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर रविवार दोपहर तक बिजली चालू कराने के प्रयास में लगे रहे।

बिजली विभाग द्वारा पहले से जानकारी में होने के बाद भी बारिश से पहले ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा जाता है। जमीन में फैले हुए तारों को सही भी नही किया जाता है। जबकि इस तरह की समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में कस्बा वासियों को झेलनी पड़ती है। कस्बे के मोहल्ला छेदाकटरा में हाउज वाली मस्जिद के पास रखा ट्रांसफार्मर बांध चौराहे पर रखा ट्रांसफार्मर व महमूदपुर में रखा हुआ ट्रांसफार्मर पिछले 15 साल से काफी नीची जगह पर रखा हुआ है। और जिसके सभी तार खुले हुए हैं।

तार खुले होने से जलभराव के बाद करंट उतरने की संभावना बढ़ जाती है। इस बात से इंकार भी नहीं किया जा सकता है। लेकिन जब जिम्मेदार अधिकारियों को यह पता है कि बारिश में पानी भरने से ट्रांसफार्मर तक जलभराव हो जाता है फिर ट्रांसफार्मर को समय रहते ही ऊंचे स्थान पर क्यों नहीं रखा जाता है। जैदपुर कस्बे की यह समस्या हर साल होती है। लेकिन अधिकारी इस पर ध्यान नहीं देते हैं।

वहीं क्षेत्र के विधायक व सांसद भी ज़ैदपुर कस्बे के मुख्य समस्याओं से भी नजरें चुराते हैं। जबकि कांग्रेस के सांसद पीएल पुनिया ने जैदपुर कस्बे में प्रधानमंत्री विद्युतीकरण के लिए कई करोड़ रुपए दिए थे। और तार से लेकर खंभों में सुधार कराया था। लेकिन उसके बाद से देखभाल नही होने के कारण फिर वही स्थिति बन गई है। बिजली शुरू कराने में सहयोग करने वालों में ज़ैदपुर प्रधान अब्दुल तव्वाब,नजमुल हसन, मेराज अहमद, हफीज, सफाउदीन, जावेद, सुरेन्द्र कुमार, इरशाद आदि शामिल हैं।

संबंधित समाचार