बांदा: पालिका के सार्वजनिक शौचालयों में लटक रहे ताले, स्ट्रीट लाइटें भी बंद
बांदा। शहर में नगर पालिका द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालयों में ताले लटक रहे हैं। कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। समाजसेवियों ने रोष जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बंद शौचालय खुलवाने और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने की मांग की। समाजसेवी व पूर्व सैनिक रामदीन नन्ना, भाजपा महिला मोर्चा नेत्री सुमन तिवारी और सभासद …
बांदा। शहर में नगर पालिका द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालयों में ताले लटक रहे हैं। कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। समाजसेवियों ने रोष जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बंद शौचालय खुलवाने और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने की मांग की। समाजसेवी व पूर्व सैनिक रामदीन नन्ना, भाजपा महिला मोर्चा नेत्री सुमन तिवारी और सभासद वीरेंद्र सक्सेना की अगुवाई में कई नगरवासी जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे।
डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि अवस्थी पार्क, सट्टन तिराहा, जिला परिषद, कचहरी परिसर में लाखों रुपये की लागत सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। इनमें ताले लटक रहे हैं। लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा। इसके अलावा गोल कोठी मजार सहित कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। राहगीरों को परेशानी हो रही है। चोर उचक्कों का डर सताता रहता है।
कई बार नगर पालिका ईओ से शौचालय खुलवाने और स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक सुध नहीं ली गई। जिलाधिकारी से शीघ्र मांगें पूरी करने का अनुरोध किया। ज्ञापन देने वालों में विपिन कुमार, संजय विश्वकर्मा, कुलदीप वाजपेयी, शिव प्रसाद गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, मोहम्मद अकरम, अभिनव त्रिपाठी, चंद्रकांत, रोहित आदि उपस्थित रहे।
