संभल : सपा को उसके ही गढ़ में ललकार गए योगी
आशुतोष मिश्र, संभल/अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संभल (कैलादेवी) की जनसभा में चिरपरिचित अंदाज में बोले। समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले असमोली विधान सभा क्षेत्र की सभा में नाम लिए बिना सपा को ललकार गए। बात तालिबान के बहाने शुरू की। नाम लिए बगैर तालिबान के समर्थन वाले लोगों और ऐसी …
आशुतोष मिश्र, संभल/अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संभल (कैलादेवी) की जनसभा में चिरपरिचित अंदाज में बोले। समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले असमोली विधान सभा क्षेत्र की सभा में नाम लिए बिना सपा को ललकार गए। बात तालिबान के बहाने शुरू की। नाम लिए बगैर तालिबान के समर्थन वाले लोगों और ऐसी विचारधारा को उसी की भाषा में जवाब दे गए। यहां के सांसद के खिलाफ बीते दिनों राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ था। भीड़ सीएम की इस बात को उससे जोड़कर देखने लगी।
संभल के कैला देवी मंदिर के नजदीक स्थित सभा में यदुवंश की कुलदेवी को शीश नवाया। आरंभ में देवी मां को प्रणाम किया। संभल की इस पौराणिक धरती से एक योगी का रिश्ता जोड़ा। मंच पर बैठे मंदिर के महंत ऋषिराज गिरि को हौसला दिया। कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की मंशा समझाई। बोले, यहां तो महिलाओं की इज्जत और जिंदगी से खेलने वाले लोग हैं। तभी तो यहां तालिबान के समर्थक पैदा हो गए हैं।
इस दौरान उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, मंच पर अपनी राष्ट्रवादी छवि प्रस्तुत की। तालिबान के समर्थन में बोलने वालों को बेशर्म तक कह डाला। कहा, मैं ऐसे लोगों को सचेत करता हूं, जिसने महिला विरोधी चेहरा दिखाया है। जिसने तालिबान का समर्थन किया, वह लोग कानून के दायरे में आ गये हैं। योगी जैसे-जैसे इस विषय पर आगे बढ़ रहे थे, भीड़ योगी- योगी के नारे लगा रही थी।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की धार बदली। सनातन उपासना पद्धति को किसी भी तरीके से अपमानित करने वालों को सचेत किया। वैसे तो बेशक यह चुनावी मंच नहीं था। लेकिन, संभल की धरती पर लोगों से संवाद के दौरान योगी ने क्षेत्र के दो विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के विधायकों की कमी का कई बार जिक्र किया। बोले, यह समय की मांग है, हमें संकल्प लेना है और पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संभल की धरती पर कमल खिलाना है। मुख्यमंत्री ने 25 मिनट के संबोधन में मिशन 2022 और राम मंदिर के प्रति अपना संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दृष्टि से सपा के गढ़ में जनता-जनार्दन का अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं में जोश भरा और प्रधानमंत्री और अपनी मेहनत की दुहाई देकर राज्य के विकास के लिए लोगों का साथ मांगा।
