डीएम साहब … ओखलकांडा में नेट कनेक्टिविटी गुल होने से नहीं बन रहे प्रमाण पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बुधवार को नैनीताल रोड स्थित शिविर कार्यालय में जनता दरबार लगाया। जनसुनवाई में सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रमाण-पत्र,  मुआवजा, फीस माफी, शौचालय, रोजगार की 38 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम ने जनसुनवाई में पंजीकृत समस्याओं का निर्धारित समय में निस्तारण कर शिकायतकर्ता और जिला कार्यालय को सूचना देने के …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बुधवार को नैनीताल रोड स्थित शिविर कार्यालय में जनता दरबार लगाया। जनसुनवाई में सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रमाण-पत्र,  मुआवजा, फीस माफी, शौचालय, रोजगार की 38 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम ने जनसुनवाई में पंजीकृत समस्याओं का निर्धारित समय में निस्तारण कर शिकायतकर्ता और जिला कार्यालय को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की मॉनीटरिंग की जाएगी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, सिंचाई ईई तरुण बंसल, लोनिवि ईई अशोक कुमार, जल संस्थान ईई एसके श्रीवास्तव मौजूद थे।

 ये शिकायतें हुईं दर्ज 

  1. गौलागेट बेरीपड़ाव निवासियों ने कहा कि 40 सालों से यहां रहते हैं। पहले हिम्मतपुर चौग्वाल ग्राम सभा में थे। अब पांच सालों से उन्हें ग्राम सभा से अलग कर दिया है इसलिए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्हें हिम्मतपुर चौग्वाल ग्रामसभा में जोड़ा जाए या वन ग्राम घोषित किया जाए। एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं।
  2. दुर्वेश कुमार ने स्कूल प्रमाण-पत्रों  में गलत दर्ज जन्मतिथि में सुधार करने अनुरोध किया। इस पर डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए।
  3.  राधा देवी निवासी लछमपुर  ने कहा कि सड़क दुर्घटना में दाहिना पैर क्षतिगस्त होने के कारण आज तक पैर का इलाज करा रही है। मुख्यमंत्री राहत  कोष से आर्थिक सहायता की मांग की।
  4. रजनीश सुयाल निवासी कुसुमखेड़ा ने परिवार को कोविड होने के कारण तकरीबन पांच माह से एसटीएच में रहना पड़ा। उन्होंने आर्थिक सहायता व रोजगार दिलाने का अनुरोध किया। इस पर डीएम ने जीएम उद्योग को कार्यवाही और सिटी मजिस्ट्रेट को आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष को भेजने के निर्देश दिए।
  5.  प्रधान डिगर मेवाड़ी ने कहा कि ओखलकांडा के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं उन्होने ऑफलाइन प्रमाण पत्र (जन्म, मृत्यु, विकंलाग,परिवार रजिस्टर नकल) निर्गत करने मांग की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
  6. अखिल भारतीय किसान सभा ने वनखत्तों व वनग्रामों मे निवासरत परिवारों के जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर बनाये जाने तथा स्थाई प्रमाण-पत्र बनवाने के साथ ही विधवा, वृद्धावस्था व विकंलाग पेंशन दिलाने की मांग की। इस पर डीएम ने सीडीओ को कार्यवाही के लिए कहा ।

व्यापारियों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर किया घेराव 

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश संरक्षक भगवान सहाय के नेतृत्व में व्यापारियों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम गर्ब्याल का घेराव किया और बाद में उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत, एसबीआई व अन्य स्थानों पर नहर कवरिंग में तेजी लाने, नैनीताल रोड पर बाजार क्षेत्र को जाने वाले रास्तों के डिवाइडर खोलने, आत्मसुरक्षा की दृष्टि से व्यापारियों को उदारतापूर्वक शस्त्र लाइसेंस आवंटन, इंदिरा नगर नाले का डायवर्जन कर गौला नदी से जोड़ने, बाजारों को जाम से निजात दिलाने के लिए पर्वतीय रुटों पर जाने वाले वाहनों को शहर में एंट्री नहीं देने, मेन बाजारों से फड़, ठेले हटवा कर वेंडिंग जोन में शिफ्ट करवाने, बाहर से आए व्यापारियों का सत्यापन करने की मांग की है।

डीएम ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में देवेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, पूरन लाल साह, प्रमोद अग्रवाल, मनोज जोशी, असमित गुजराल, रामप्रसाद कश्यप, चमन गुप्ता, संजय वर्मा, अमरजीत सिंह, तारा अधिकारी, गौरव अग्रवाल आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार