बिजनौर: एटीएस व आर्मी इंटेलीजेंस का छापा, पिता-पुत्र गिरफ्तार
बिजनौर/अमृत विचार। एटीएस बरेली व मुरादाबाद की टीम और सैन्य सुरक्षा जांच एजेंसी ने बुधवार की सुबह कोतवाली देहात के डेहरी गांव में एक घर पर छापा मार कर पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया। उनके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। दोनों से बंद कमरे में टीमों ने घंटों तक पूछताछ की। समाचार …
बिजनौर/अमृत विचार। एटीएस बरेली व मुरादाबाद की टीम और सैन्य सुरक्षा जांच एजेंसी ने बुधवार की सुबह कोतवाली देहात के डेहरी गांव में एक घर पर छापा मार कर पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया। उनके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। दोनों से बंद कमरे में टीमों ने घंटों तक पूछताछ की। समाचार लिखे जाने तक पूछताछ का क्रम जारी था। जांच एजेंसियों द्वारा सारे मामले से पुलिस को दूर रखा गया है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के नूर अलीपुर भगवंत उर्फ डेहरी ग्राम निवासी जावेद जम्मू कश्मीर में नाई की दुकान पर काम करता है। आरोप है कि उसे जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इसे लेकर देश भर की सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। जावेद व उसके परिवार की कुंडली खंगालने के लिए बुधवार की सुबह मुरादाबाद व बरेली की एटीएस टीम के साथ आर्मी इंटेलिजेंस की टीम ने गांव स्थित उसके घर पर छापा मारा।
इस दौरान उसके पिता शमीम सलमानी व भाई परवेज को हिरासत में ले लिया। दोनों को थाने ले जाया गया, जहां पिता-पुत्र से जांच टीमें बंद कमरे में पूछताछ कर घंटों तक जावेद को लेकर जानकारी जुटाने में लगी रहीं। हालांकि पुलिस को इस सारे मामले से दूर ही रखा गया है। उधर उसके घर पर अचानक छापामारी से गांव में हडंकंप मच गया। लोगों में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। समाचार लिखे जाने तक टीमें जानकारी खंगालने में लगी थीं।
जावेद के पिता ने माना कि आतंकियों को सप्लाई किए हथियार
जानकारी के अनुसार जावेद को पुलिस ने श्रीनगर में आतंकवादियों को हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के दौरान उसके पिता शमीम ने स्वीकार किया है कि उसने मुजफ्फरनगर से हथियार लेकर कश्मीर में सप्लाई किए हैं। एटीएस की टीम को छापेमारी के दौरान जावेद के कमरे से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। फिलहाल जांच टीमें मामले की छानबीन में जुटी हैं।
