रायबरेली: भीषण बारिश से भरभराई दीवार, मासूम की मौत
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरे बसंतपुर सकतपुर में कच्ची दीवार गिरने से दीवार के मलबे में दबकर गम्भीर रुप से जख्मी हुए 2 साल के मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावां पुलिस चौकी के अंतर्गत शाहपुर मजरे बसंतपुर सकतपुर में …
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरे बसंतपुर सकतपुर में कच्ची दीवार गिरने से दीवार के मलबे में दबकर गम्भीर रुप से जख्मी हुए 2 साल के मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावां पुलिस चौकी के अंतर्गत शाहपुर मजरे बसंतपुर सकतपुर में गया प्रसाद अपने परिवार के साथ कच्ची जर्जर दीवार के सहारे रखे छप्पर के नीचे तखत पर बैठा था। वहीं उसके 2 बेटों और 3 बेटियों में सबसे छोटा 2 साल का बेटा राजकुमार पास में पड़ी चारपाई पर लेटा था। इस दौरान अचानक कच्ची दीवार का कुछ हिस्सा भरभरा कर चारपाई और उसके आस-पास गिर पड़ा।
दीवार का मलबा चारपाई पर गिरने से मासूम राजकुमार मलबे में दब गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े मोहल्ले के लोगों एवं परिजनों ने किसी तरह मासूम को मलबे से बाहर निकाला और उसे लेकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मासूम की हालत गम्भीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। वहीं हादसे की खबर सुनकर मौके पहुंची एसडीएम सविता यादव, हल्का लेखपाल लवलेश सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष रविंद्र सोनकर का कहना है कि शव पीएम के लिए भेजा गया है।
एसडीएम ने लेखपाल को दिए निर्देश
एसडीएम सविता यादव ने ग्राम प्रधान रामू रावत व हल्का लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि जितने परिवार कच्चे अथवा जर्जर मकानों में रह रहे हैं ऐसे परिवारों को चिन्हित कर उनको सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें ताकि दोबारा ऐसी घटना घटित न हो। मासूम की मौत से उसकी मां छेदाना, पिता गया प्रसाद व बड़े भाई व तीन बड़ी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रधान प्रतिनिधि सन्तू सिंह ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता गया प्रसाद के नाम आवास आया है। जिसकी पहली किस्त भी आ गई है लेकिन बारिश के चलते पीड़ित परिवार ने अभी आवास का निर्माण शुरू नहीं किया था।
