हल्द्वानी: रात में जागते हैं नशा करने वाले, सोता है प्रशासन
हल्द्वानी, अमृत विचार। गफूरबस्ती में युवा और नाबालिग उम्र के बच्चे भी नशे की जद समा रहे हैं। नशे की आदत उनमें इस कदर घर कर गई है, कि उसके लिए वे अपराध तक करने से नहीं घबराते। वार्ड दर वार्ड पड़ताल में जब वार्ड संख्या 24 की पड़ताल की तो यहां के लोगों ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गफूरबस्ती में युवा और नाबालिग उम्र के बच्चे भी नशे की जद समा रहे हैं। नशे की आदत उनमें इस कदर घर कर गई है, कि उसके लिए वे अपराध तक करने से नहीं घबराते। वार्ड दर वार्ड पड़ताल में जब वार्ड संख्या 24 की पड़ताल की तो यहां के लोगों ने इस दुख को जाहिर किया। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर भी आरोप लगाया कि उनकी सह पर नशे का कारोबार धड़ल्ले से चलता है। न ही उस पर कोई रोक है और न ही प्रशासन जागता दिखता है।
रेलवे ट्रैक के किनारे बसे इस वार्ड में रात में नशा करने वाले खूब देखे जाते हैं। रेलवे ट्रैक पर और वहीं पास में बनी झुग्गियों में नशा चलता है। यहां के लोगों ने इस दुख को साफ जाहिर करते अपनी बेबसी को जताया। उनका साफ कहना है कि इन युवाओं में नशा बांटने वाले भी इसी वार्ड के माफिया हैं। पुलिस और बड़े अधिकारियों से उनकी अच्दी सांठगांठ है। इसी वजह से न ही उन पर कोई कार्रवाई है और न ही इन बच्चों के भविष्य को लेकर कोई गंभीर होता दिख रहा है। सीवर, पेयजल और सड़क संबंधि समस्याएं भी सामने आईं। विकास को लेकर यहां के लोगों ने नगर निगम को उदासीन विभाग बताया।
सड़कों पर अतिक्रमण का कब्जा
इस वार्ड में एक बड़ी समस्या अतिक्रमण को लेकर सामने आई। लोगों द्वारा सड़क पर कार और अन्य वाहन खड़े कर रखे हैं। दुकानें खुल गई हैं और नालियों के ऊपर निर्माण कर लिए हैं। इस वजह से यातायात संबंधि बड़ी समस्या सामने आती है। लोगों को दिक्कतें होती हैं, लेकिन दबंगों के आगे बेबस लोग परेशानी के साथ जीने को विवश हैं।
सालों से नहीं बिछी सड़क
-गफूरबस्ती वार्ड की लाइन नंबर 17 की सड़क सालों से नहीं बिछी है। इस सड़क पर गड्ढे हैं। टूटी सड़क होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। कभी दो पहिया वाहन गिरता है तो कभी चार पहिया वाहनों के चक्के फंस जाते हैं। इस सड़क पर रिक्शा व साइकिल से जाते वक्त बुजुर्गों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। यहां के लोगों की माने तो सड़क दस साल पहले बनी थी। उसके बाद इसकी कोई सुध नहीं ली गई।
नालियों में फंसे पाइप से दुश्वारियां
इस वार्ड की एक बड़ी समस्या नालियों में पाइप लाइन के फंसे होने की है। पाइपों के आगे आकर कचरा रुक जाता है और फिर पानी ठहर जाता है। बरिश होते ही नाली का रुका पानी सड़क पर आ जाता है। नालियों में गंदे पानी के ठहरे होने के कारण मच्छर और अन्य बरसाती कीट भी जन्म लेते हैं। इससे लोगों का बीमारी को लेकर भी डर सताने लगता है। बावजूद इसके केवल औपचारिक काम कर खानापूर्ति कर दी जाती है।
