हल्द्वानी के 200 से अधिक युवा करेंगे मुख्यमंत्री आवास का घेराव, यह है वजह
हल्द्वानी, अमृत विचार। अगर एक अक्तूबर तक उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग की ओर से पूर्व में आयोजित सहायक लेखाकार परीक्षा को रद्द करने का फैसला नहीं लिया गया तो हल्द्वानी के 200 से अधिक अभ्यर्थी देहरादून में मुख्यमत्री आवास कूच करेंगे। सहायक लेखाकार परीक्षा में तमाम अनियमितताओं के खिलाफ प्रदेश भर में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अगर एक अक्तूबर तक उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग की ओर से पूर्व में आयोजित सहायक लेखाकार परीक्षा को रद्द करने का फैसला नहीं लिया गया तो हल्द्वानी के 200 से अधिक अभ्यर्थी देहरादून में मुख्यमत्री आवास कूच करेंगे।
सहायक लेखाकार परीक्षा में तमाम अनियमितताओं के खिलाफ प्रदेश भर में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। हल्द्वानी , देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रूड़की, हरिद्वार समेत अन्य शहरों में रहने वाले अभ्यर्थी अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर 12 से 14 सिंतबर तक आयोजित परीक्षा को रद्द करने और ऑफलाइन मोड में कराने की मांग पर अड़े हैं।

इसी क्रम में अब नाराज अभ्यर्थियों ने दो अक्तूबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का एलान कर दिया है। इस बाबत देहरादून में उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र देकर अवगत कराया है।

पत्र में कहा है कि अगर एक अक्तूबर तक उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग द्वारा आयोजित सहायक लेखाकार परीक्षा को रद्द नहीं किया गया तो दो अक्तूबर की सुबह 10:30 से 11:30 बजे के बीच प्रदेश भर से अभ्यर्थी देहरादून के गांधी पार्क में एकजुट होंगे। और उसके बाद मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे।

हल्द्वानी में अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे विकास सिंह यादव ने बताया कि आयोग अपने मनमाने रुख पर अड़ा हुआ है। जबकि अभ्यर्थी अपनी जायज मांगों के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी से भी 200 से अधिक युवा देहरादून के लिए रवाना होंगे। और आयोग की गलत नीति के खिलाफ सरकार को अवगत कराएंगे। जब तक हजारों अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
