बरेली: मुख्यमंत्री की घोषणाओं वाली दो दर्जन परियोजनाएं लटकीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिस्टम निर्माण कार्य लेटलतीफी से करा रहा है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल दो दर्जन से अधिक परियोजनाएं अभी तक लटकी हुई हैं। इन्हें अक्टूबर तक पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं वाली …

बरेली, अमृत विचार। सिस्टम निर्माण कार्य लेटलतीफी से करा रहा है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल दो दर्जन से अधिक परियोजनाएं अभी तक लटकी हुई हैं। इन्हें अक्टूबर तक पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं वाली परियोजनाओं के कार्यों की प्रगति की मंडलीय समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि परियोजनाओं के शेष कार्यों को उच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं। परियोजनाओं के शेष कार्य हर हाल में अगले दो माह में पूरा करा लें। कमिश्नरी सभागार में मंडल में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत शुरू की गई परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की गयी।

मंडलायुक्त को अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री के घोषणा के तहत बरेली में 334 परियोजनाएं शुरू की गई थीं जिनमें से 281 पूर्ण हो चुकी हैं और 279 परियोजनाएं संबंधित विभाग को हस्तांतरित भी कर दी गयीं हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं में कार्य शेष रह गया है, उनका कारण क्या हैं, इसका स्थलीय आकलन कर उन्हें दो दिन के भीतर अवगत कराएं ताकि उसके समाधान के प्रयास किए जाएं।

परियोजना के संबंधित विभाग के प्रमुख, कार्यदायी संस्था के स्थानीय प्रमुख के साथ स्थलीय आकलन कर उन्हें आख्या प्रस्तुत करें। मंडलायुक्त ने माध्यमिक शिक्षा, कृषि, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, नगर विकास विभाग, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारियों से कहा कि वह अपने अपने जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ अगले दो दिनों में बैठक कर संबंधित प्रकरण के समाधान का प्रयास करें। जहां कार्य की गति धीमी है, वहां के अधिकारी के संबंध में सुस्पष्ट आख्या प्रस्तुत करें। जिन परियोजनाओं के कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो पाए हैं, उनसे संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली के बारे में शासन को लिखा जाएगा।

संबंधित समाचार