बरेली: महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल से शौचालय हटवाने को हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महाराणा प्रताप संयुक्त जिला अस्पताल के पार्क में महापुरुष महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने वाले स्थान के पास सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने का मामला तूल पकड़ने लगा है। पूर्व में भी शौचालय हटाने की मांग जोरशोर से उठी थी। बुधवार को शौचालय हटाने की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच के …

बरेली, अमृत विचार। महाराणा प्रताप संयुक्त जिला अस्पताल के पार्क में महापुरुष महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने वाले स्थान के पास सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने का मामला तूल पकड़ने लगा है। पूर्व में भी शौचालय हटाने की मांग जोरशोर से उठी थी। बुधवार को शौचालय हटाने की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा काटा। महापुरुष का अपमान बताते हुए समाज के सहयोग से सड़क पर नारेबाजी की।

कोतवाली पर एकत्र पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला और जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर पहुंचकर अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम के अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी की। इसके साथ ही अपना प्रतिनिधि भेजकर अस्पताल मुख्य गेट पर एडीएसआईसी और सीएमओ को मिलने के लिए बुलवाया गया। काफी देर के बाद कोई मिलने नहीं आया तब कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। पदाधिकारी पार्क में प्रतिमा लगाए जाने वाले स्थान पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बावजूद काफी समय के बाद भी कोई सक्षम अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया। तब वे सीएमओ कार्यालय गेट पर ही धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

इसके बाद एक-एक करके अधिकारी आते गए लेकिन पदाधिकारी निर्माण गिराने की मांग करते हुए अधिकारियों से ही मिलने पर अड़े रहे। किसी से बात करने को तैयार नहीं हुए। हंगामा बढ़ने पर कोतवाली से पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने पदाधिकारियों को समझाने के प्रयास किए। काफी देर के बाद एडीएसआईसी डा. सुबोध शर्मा वहां आए। तब पदाधिकारियों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास बनाए गए शौचालय को गिराने की मांग रखते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा। लिखित में कार्यवाही करने के आदेश देते हुए हुए निर्माण कार्य गिराने की मांग उठायी। इस पर एडीएसआईसी ने जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से प्रांतीय विधि प्रमुख एडवोकेट प्रितपाल, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता, युवा प्रदेश अध्यक्ष अंशुमान, जिलाध्यक्ष अरुण फौजी, अमित छत्रिय, हर्ष भारद्वाज, राजन बाबू, गोपाल शर्मा, अभिषेक सक्सेना, ओंकार सिंह, अर्जुन सिंह, राजीव गुप्ता, ललित कुमार, संदीप वर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, कांता प्रसाद, सचिन कुमार, राजकुमार गुप्ता, केपी गोस्वामी व मनोज बाजपेई आदि शामिल रहे।

करीब 6.5 लाख रुपये की लागत से 80 प्रतिशत शौचालय बन चुका है
स्वच्छ भारत मिशन के तहत करीब साढ़े छह लाख रुपये की लागत से नगर निगम शौचालय बनवा रहा है। शौचालय करीब 80 प्रतिशत बन चुका है। यह शौचालय जिला अस्पताल की दीवार से सटकर बना है। दीवार के पास ही अस्पताल परिसर में पार्क है जहां पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होना प्रस्तावित है।

इसी स्थान के पास शौचालय बनवाने का विरोध शुरू हुआ, तब निर्माण कार्य रुकवा दिया लेकिन शौचालय अभी तक वहां से हटवाया नहीं गया है। एडीएसआईसी डा. सुबोध शर्मा का कहना है कि विरोध पर शौचालय का निर्माण पूर्व में ही रुकवा दिया था। नगर निगम के अधिकारियों से जल्द इस मुद्दे पर बात की जाएगी।

संबंधित समाचार