… तो फिर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं भाजपा दिग्गज नेता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। भाजपा का एक कद्दावर नेता जल्द ही सपरिवार कांग्रेस में शामिल हो सकता है। कांग्रेस हाईकमान से इस बारे में बातचीत भी हो चुकी है। कुछ तकनीकी कारण आड़े आ रहे हैं। समय का इंतजार किया जा रहा है। टिकट बंटवारे के मौके पर ये चेहरे भाजपा का दामन छोड़ हाथ …

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। भाजपा का एक कद्दावर नेता जल्द ही सपरिवार कांग्रेस में शामिल हो सकता है। कांग्रेस हाईकमान से इस बारे में बातचीत भी हो चुकी है। कुछ तकनीकी कारण आड़े आ रहे हैं। समय का इंतजार किया जा रहा है। टिकट बंटवारे के मौके पर ये चेहरे भाजपा का दामन छोड़ हाथ के साथ हो जाएंगे। इन दिनों राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चाएं आम हैं।

चर्चा है कि अनुसूचित जाति वर्ग के नेता के तौर पर प्रदेश की राजनीति में पहचान बना चुके ये चेहरे पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन भाजपा का कड़ा अनुशासन और निगरानी इन नेताओं को रास नहीं आ रही है। कांग्रेस के शासन में मंत्री खुद के विभागों के सर्वेसर्वा होते थे और खुद फैसले लेते थे। वहीं भाजपा सरकार के पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधायकों, मंत्रियों से ज्यादा डीएम और एसएसपी को तरजीह दी।

जब विधायक नाराज हुए तब मुख्यमंत्री का चेहरा बदला और तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया। वह मोर्चा संभाल पाते इससे पहले तकनीकी कारणों से उन्हें हटा दिया गया। अब नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मौका दिया गया। मुख्यमंत्री धामी ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन अब समय बहुत कम बचा है।

दिल्ली में हो चुकी मुलाकात

चर्चाएं हैं कि इस कद्दावर चेहरे की दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात एवं वार्ता पूरी हो चुकी है। सिर्फ संवैधानिक अड़चनों की वजह से कांग्रेस का हाथ नहीं थाम रहे हैं। टिकट बंटवारे के समय यह चेहरा सपरिवार भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले सकता है। सूत्रों की मानें तो इन चर्चाओं के आम होने के बाद भाजपा के बड़े नेताओं ने उन्हें अंदरखाने मनाने की कोशिश की, लेकिन अभी इसका असर सामने नहीं आया है। विधानसभा चुनाव से पहले जल्द ही धमाका हो सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल भी कर रहे दावा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी बयान जारी किया है कि भाजपा के कई मंत्री और विधायक संपर्क में हैं। वे जल्द ही कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। ऐसे में चर्चाएं आम हैं कि कांग्रेस व भाजपा में कद्दावर स्थिति में रहे अनुसूचित जाति का यह चेहरा जल्द ही घर वापसी कर सकता है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी हाल ही सार्वजनिक मंच से कहा था कि जो बागी नहीं हैं और जिन्होंने लोकतंत्र की हत्या नहीं की थी, उनका कांग्रेस में स्वागत है। ऐसे में चर्चाओं को बल मिल रहा है।

अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं है। इस समय सभी नेता विभिन्न दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यदि किसी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं हैं तो चर्चाएं सच कहां होती हैं।- प्रदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा

कांग्रेस की विचारधारा विकास है, किसी भी दल के नेता जिसकी विचारधारा विकास है, उसका कांग्रेस में स्वागत है। -दीपक बल्यूटिया, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस

 

 

संबंधित समाचार