हरियाणा से आए चोरी के मोबाइल हल्द्वानी के दुकानदारों ने खरीदे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हरियाणा से लाखों के मोबाइल चोरी हुए और ये खेप खटीमा पहुंची। जहां से इन मोबाइल को हल्द्वानी के कुछ दुकानदारों को बेच दिया गया। इस मामले में हरियाणा पुलिस और एसओजी ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के तीन बड़े मोबाइल विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। हरियाणा से लाखों के मोबाइल चोरी हुए और ये खेप खटीमा पहुंची। जहां से इन मोबाइल को हल्द्वानी के कुछ दुकानदारों को बेच दिया गया। इस मामले में हरियाणा पुलिस और एसओजी ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के तीन बड़े मोबाइल विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के सूत्रों से खबर मिली कि कुछ समय पहले हरियाणा में नए मोबाइलों की चोरी हुई थी। इन मोबाइलों की कीमत 15 लाख रुपए से ऊपर बताई गई। पता लगा कि हरियाणा से चोरी किए मोबाइलों की खेप खटीमा पहुंची। खटीमा में एक व्यक्ति हरियाणा से मोबाइल चोरी करने वाले के संपर्क में था। चोरी के इन मोबाइल का सौदा खटीमा में बैठे शातिर ने हल्द्वानी के तीन बड़े मोबाइल विक्रेताओं से किया।

बेहद कम कीमत पर ये मोबाइल हल्द्वानी की बाजार में खपा दिए गए। बुधवार रात एसओजी और हरियाणा पुलिस ने शहर के ऐसे ही तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इन सभी लोगों को खटीमा ले जाया गया है। जहां इनसे पूछताछ की जा रही है। यह तथ्य भी सामने आया है कि चोरी के ये मोबाइल इन तीनों विक्रेताओं ने बड़ी संख्या में बेंच भी डाले हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी इस पर चुप्पी साधे बैठे हैं।

एक पुलिस वाले को भी बेचा मोबाइल
सूत्रों ने बताया कि शहर के एक मोबाइल विक्रेता ने चोरी का एक मोबाइल एक पुलिस वाले को भी बेचा। इस मोबाइल को जब ट्रेस किया गया तो पता लगा कि यह पुलिस कर्मी के पास है। पूछताछ में पता लगा कि मोबाइल हल्द्वानी की एक दुकान से खरीदा गया और दुकानदार ने बाकायदा इसका बिल भी उसे दिया है।

संबंधित समाचार