गौरव के पल: हनुमान चालीसा के उच्चारण के साथ उत्तराखंड का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया, देखें तस्वीरें
रूद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क रूद्रपुर में उत्तराखंड के सबसे ऊंचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होने हनुमान चालीसा के उच्चारण के साथ बटन दबाकर 191 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पेरा ओलंपिक 2021 में …
रूद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क रूद्रपुर में उत्तराखंड के सबसे ऊंचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होने हनुमान चालीसा के उच्चारण के साथ बटन दबाकर 191 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पेरा ओलंपिक 2021 में कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार, आईएएस की परीक्षा में 38वें स्थान प्राप्त करने वाली वरूणा अग्रवाल, वन्दे मातरम ग्रुप के संयोजक संजय आर्या व कोरोना काल में जनसेवा करने वाले राधास्वामी सत्संग व्यास रूद्रपुर के सदस्यों को सम्मानित किया। स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी दर्शन लाल, दलवीर व सेवा सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों की भूमि है, आज देश की सीमाऐं पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बंगाली समुदाय के प्रमाण-पत्रों में पूर्वी पाकिस्तानी या बांग्लादेशी शब्द को हटाने, नजूल भूमि पर जनता को मलिकाना हक देने, किसानों के गन्ने का पूर्ण भुगतान आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। उन्होने कहा कि जनपद में धान खरीद प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु लगभग 200 धान क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कहा कि बाजपुर में 20 गांव के कई वर्षों पुराने मामलों का निस्तारण कर 5800 परिवारों को मालिकाना हक देने का कार्य किया गया है।

उन्होने कहा कि सरकार द्वारा रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किया जा रहा है जिसके अन्तर्गत प्रदेश में 24000 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गयी है व बेरोजगारों के लिए नौकरिया हेतु आवेदन फार्म को निशुल्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय बेराजगारों रोजगार मिले, इसके लिए प्रावधान लाया जाएगा जिसे सख्ती से लागू किया जाएगा।

इस मौके पर विधायक राजकुमार ठुकराल, प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक हरभजन सिंह चीमा, राजेश शुक्ला, मेयर रामपाल, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, अध्यक्ष वन विकास निगम सुरेश परिहार, डीआईजी निलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, सीडीओ आशीष भटगांई आदि रहे।
