अयोध्या: सीतापुर जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। पहले लखीमपुर घटना फिर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया है। अयोध्या में भी कांग्रेस नेताओं ने जैसे ही सीतापुर जाने का रुख किया तो उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव …

अयोध्या। पहले लखीमपुर घटना फिर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया है। अयोध्या में भी कांग्रेस नेताओं ने जैसे ही सीतापुर जाने का रुख किया तो उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुनील पाठक, प्रदेश युवक कांग्रेस कमेटी के सचिव उमर मुस्तफा, राजीव गांधी संगठन के महानगर अध्यक्ष महंत जय मंगल दास, भीम शुक्ला, विकास मिश्रा, लाल मोहम्मद, अजमल खलील को हाउस अरेस्ट किया है।

सुनील पाठक ने कहा कि मंगलवार की सुबह 6 बजे से मेरे आवास पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नगर कोतवाल ने हमें व कुछ साथियों को जबरन हाउस अरेस्ट कर लिया। हम लोग सुबह सीतापुर के लिए रवाना हो रहे थे। उसी समय पुलिस प्रशासन की भारी टीम ने हमें आवास पर ही रोक लिया। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में भारतीय जनता पार्टी के केंद्र सरकार के गृह मंत्री के पुत्र द्वारा छह किसानों की गाड़ी से हत्या करना यह दर्शता है कि उत्तर प्रदेश की सरकार पूरी तरह किसान और नौजवान विरोधी है।

यह सरकार पूरी तरह लोकतंत्र को कुचलना चाह रही है। हम लोगों की मांग है की तत्काल केंद्र सरकार के गृह राज्य मंत्री एवं उनके पुत्र को गिरफ्तार किया जाए और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को रिहा किया जाए। जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएगी तब तक जन आंदोलन चलाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि किसान पिछले 10 माह से अपनी ही जमीन को बचाने के लिए निरंतर आंदोलनरत है और केंद्र सरकार के कान पूरी तरह बंद हो गए हैं।

किसान देश का अन्नदाता है उसके ऊपर जब तक केंद्र सरकार का अत्याचार होता रहेगा तब तक प्रदेश और देश का कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता किसानों के पक्ष में आंदोलन करता रहेगा। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी हिंसा की आंच अयोध्या में भी पहुंच गई है। सोमवार को यहां जगह-जगह प्रदर्शन हुए। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ नारेबजी करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के इस्तीफे व उनके पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की थी।

संबंधित समाचार