रामपुर: तेंदुए की दस्तक से गांव में दहशत, खेतों में जाने से घबरा रहे किसान
रामपुर/स्वार/अमृत विचार। ग्राम पंचायत आर्सल पार्सल के जंगल मे तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। किसान खेतों पर जाने से डर रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम कांबिंग कर तेंदुए की लोकेशन लेने में लगी हुई है। उसको कब्जे में करने के लिए एक किसान के घर मे पिंजरा …
रामपुर/स्वार/अमृत विचार। ग्राम पंचायत आर्सल पार्सल के जंगल मे तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। किसान खेतों पर जाने से डर रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम कांबिंग कर तेंदुए की लोकेशन लेने में लगी हुई है। उसको कब्जे में करने के लिए एक किसान के घर मे पिंजरा रखवा दिया गया है। आर्सल-पार्सल सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रविवार रात तहसील क्षेत्र की ग्राम गोलू टांडा निवासी किसान कुलविंदर सिंह ढिल्लों अपने परिवार के साथ कार से घर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार जैसे ही वह भाजपा नेत्री डोली रंधावा के फार्म हाउस के सामने पहुंचे तभी रास्ते में उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। देखकर पूरा परिवार घबरा गया। किसान कुलविंदर सिंह ने तेंदुए को मोबाइल में कैद कर लिया। एक बाइक सवार पर भी तेंदुए ने झपटने का प्रयास किया। लेकिन कार की आवाज से तेंदुआ जंगल मे लुप्त हो गया। किसान ने तत्काल सूचना भाजपा नेत्री सहित वन विभाग को दी। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए के पग चिन्हों की तलाश कर उसकी लोकेशन लेने में लग गए।
मंगलवार को भी वन विभाग के रेंजर कुंदन सिंह भंडारी के नेतृत्व में तेंदुए की तलाश में कांबिंग की। लेकिन उन्हें अभी तक तेंदुए की कोई लोकेशन प्राप्त नहीं हो सकी। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को कैद करने के लिए कलकत्ता फार्म में रामपाल के निवास स्थान पर पिंजरा रखवा दिया है। तेंदुआ दिखाई देने के बाद से आर्सल पार्सल, नूरपुर फाजिलपुर, हस्सन का मझरा, पुसवाड़ा, गिजपुरा, जोधवाला गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रमीणों का कहना है कि धान की फसल लगभग पक चुकी है। कटाई शीघ्र शुरू होने वाली है।
वन विभाग को कोशिश कर तेंदुए से निजात दिलानी चाहिए। वहीं रेंजर कुंदन सिंह भंडारी का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा नेत्री अमृता रंधावा खन्ना का कहना है कि वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है जबकि कई गांवों में तेंदुआ देखे जाने के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है। डीएफओ को संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू करानी चाहिए।
