हल्द्वानी: 60 पार के लिए 51 फीसदी मत पाने का लक्ष्य, प्रदेश में बनाए 2391 शक्ति केंद्र
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए उत्तराखंड में भाजपा ने इस बार 60 पार का नारा दिया है। 60 से अधिक सीट जीतने के लिए 51 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा को उम्मीद है कि पार्टी के पक्ष में मतदान बढ़ाकर दोबारा प्रचंड बहुमत से सत्ता हासिल …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए उत्तराखंड में भाजपा ने इस बार 60 पार का नारा दिया है। 60 से अधिक सीट जीतने के लिए 51 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा को उम्मीद है कि पार्टी के पक्ष में मतदान बढ़ाकर दोबारा प्रचंड बहुमत से सत्ता हासिल की जा सकती है।
वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 57 सीटें मिली थीं। पार्टी प्रत्याशियों को 46.51 फीसदी मत मिले थे। इस बार भाजपा ने 60 से अधिक सीटें जीतने के दावे के साथ ही कार्यकर्ताओं को 60 पार का नारा भी दिया है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि इस बार चुनाव में 51 फीसदी मत हासिल कर 60 पार के लक्ष्य को पाया जा सकता है। इसे देखते हुए चुनाव में पार्टी के पक्ष में पांच फीसदी से अधिक मतदान बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है।
बूथ जीता तो चुनाव जीता का सूत्र
आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा बूथ जीता तो चुनाव जीता के सूत्र पर काम कर रही है। बूथस्तर पर भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने राज्य के सभी 11235 बूथों पर टीम तैयार की है। हर बूथ पर 21 सदस्यों की टीम काम कर रही है। पार्टी के 235935 कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों के मतदाताओं पर पकड़ का प्रयास कर रहे हैं।
प्रदेश में 2391 शक्ति केंद्र बनाए हैं
हल्द्वानी। पार्टी ने प्रदेश में 2391 शक्ति केंद्र बनाए हैं। एक शक्ति केंद्र पर एक पालक और एक बीएलए बनाया गया है। हर शक्ति केंद्र को चार से पांच बूथों की जिम्मेदारी दी गई है। ये केंद्र बूथ पर पार्टी की मजबूती की दिशा में काम कर रहे हैं।
इस बार कार्यकर्ता 60 पार के नारे के साथ चुनाव में उतरेंगे। लक्ष्य भेद के लिए पार्टी के पक्ष में मत प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। यदि पिछले चुनाव से पांच फीसदी अधिक मत मिले तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।-सुरेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री
