वोल्वो और स्कैनिया से फिर होगा सफर सुहाना, कोरोना काल में बंद हुई थी सेवाएं
लखनऊ। प्रदेश भर के यात्रियों का सफर एक बार फिर से सुहाना होने जा रहा है। सवा करोड़ी स्कैनिया और वोल्वो का संचालन एक बार फिर से शुरू होगा। कोरोना संक्रमण के दौरान रोडवेज के बस बेड़े से अलग हो चुकी इन बसों को फिर से परिवहन निगम अपने यहां शामिल करेगा। विभागीय अधिकारियों के …
लखनऊ। प्रदेश भर के यात्रियों का सफर एक बार फिर से सुहाना होने जा रहा है। सवा करोड़ी स्कैनिया और वोल्वो का संचालन एक बार फिर से शुरू होगा। कोरोना संक्रमण के दौरान रोडवेज के बस बेड़े से अलग हो चुकी इन बसों को फिर से परिवहन निगम अपने यहां शामिल करेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस बार इन बसों के संचालन में सेवा और शर्तों का मानक बदला गया है। इस बार इन बसों का संचालन प्रॉफिट एंड लास के आधार पर होगा।
कोरोना संक्रमण के दौरान यात्रियों की संख्या कम हो गई थी। ऐसे में रोडवेज ने स्कैनिया और वोल्वो का संचालन करने वाली कंपनी के साथ करार खत्म कर दिया था। इसके बाद इन बसों से लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी लखनऊ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हुई। ट्रेन में रिजर्वेशन कंफर्म न होने पर वोल्वो या फिर स्कैनिया उनकी पहली पसंद थी। रात में 11 बजे छूटने वाली स्कैनिया और वोल्वो रास्तें एक स्टॉपेज लेती थी। उसके बाद सुबह छह बजे वह दिल्ली पहुंच जाती थी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रोडवेज के बस बेड़े में तकरीबन 300 से अधिक वोल्वो और स्कैनिया शामिल थी। वातानुकूलित इन बसों में यात्रा करने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था भी उपलब्ध थी। इस बार जिस कंपनी से बसों का संचालन का अनुबंध होगा, उनके साथ प्रॉफिट एंड लास के आधार पर होगा। प्रॉफिट होने पर ही अनुबंध संचालक को धनराशि देय होगी। दो साल पहले आलम यह था कि यात्री हो या नहीं बस के कहीं आने जाने पर उसका सार खर्च परिवहन निगम को उठाना पड़ता था।
