बरेली: लापता पत्नी नहीं मिली तो बेटे के साथ जान देने की दी धमकी
बरेली, अमृत विचार। घर से पांच लाख के जेवर और 65 हजार रुपये की नगदी लेकर महिला लापता हो गई। उसके पति ने पत्नी को तलाशने के लिए पुलिस का सहारा लिया लेकिन एक माह बाद भी अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है। लापता पत्नी के बरामद न होने पर पति ने अपने …
बरेली, अमृत विचार। घर से पांच लाख के जेवर और 65 हजार रुपये की नगदी लेकर महिला लापता हो गई। उसके पति ने पत्नी को तलाशने के लिए पुलिस का सहारा लिया लेकिन एक माह बाद भी अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है। लापता पत्नी के बरामद न होने पर पति ने अपने छह साल के बेटे के साथ जान देने की बात कही है।
सुभाष नगर थाना क्षेत्र के गंगा नगर कॉलोनी के रहने वाले कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उसका विवाह नेहा चौरसिया के साथ हुआ था। आरोप है कि 1 सितंबर को उसकी पत्नी घर में रखे 20 हजार रुपये और करीब पांच लाख रुपये के जेवर समेत बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर अचानक लापता हो गई।
इस संबंध में उसने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। युवक ने बताया कि उसका 6 साल का एक बेटा है, परिवार में बूढ़ी मां है जो अक्सर बीमार रहती है। घर में छोटे बच्चे व बीमार मां के चलते वह कारोबार भी ठीक से नहीं कर पा रहा है।
एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस उसकी पत्नी का कोई सुराग नहीं लगा पाई है जिससे वह मानसिक तनाव में रहता है। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी मोबाइल पर चैटिंग के जरिए कहती है कि वह जहां भी है खुश है, उसे तलाशने का प्रयास न करे। कुलदीप ने बताया कि उसका बेटा अपनी मां को याद करके बार-बार रोता है। बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवक ने पत्नी के जल्द बरामद न होने पर बेटे सहित जान देने की धमकी दी है।
