ज्योलीकोट के लापता मासूम को गुलदार ने बनाया निवाला, बच्चे के सिर और हाथ दोगांव के जंगल से मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिसका डर था वही हुआ…. शुक्रवार की देर शाम को ज्योलाकोट के चोपड़ा मटियाली गांव से लापता हुए दो साल के मासूम को गुलदार ने ही निवाला बनाया था। शनिवार की सुबह उसका सिर और हाथ घर से दो किमी दूर दोगांव के जंगल से मिले हैं जबकि बाकी शरीर को गुलदार …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिसका डर था वही हुआ…. शुक्रवार की देर शाम को ज्योलाकोट के चोपड़ा मटियाली गांव से लापता हुए दो साल के मासूम को गुलदार ने ही निवाला बनाया था। शनिवार की सुबह उसका सिर और हाथ घर से दो किमी दूर दोगांव के जंगल से मिले हैं जबकि बाकी शरीर को गुलदार ने निवाला बना लिया। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा, ट्रैपिंग कैमरा और रात्रि गश्त बढ़ा दी है।

दो साल का मासूम राघव (फाइल फोटो)

वन अधिकारियों के अनुसार, भानु राणा निवासी चोपड़ा मटियाली गांव के बेटे पीयूष (4 साल) और राघव (2 साल) शुक्रवार की शाम को घर के आंगन में खेल रहे थे। उनकी मां मीना राणा अंदर कमरे में काम कर रही थी। इस बीच शाम को करीब सात बजे पीयूष के रोने की आवाज आई। जब मां बाहर आई तो देखा कि पीयूष रो रहा था और राघव गायब था। उन्होंने राघव को देखा तो नहीं मिला। इसी दौरान बच्चों की दादी ने बताया कि उन्होंने घर से गुलदार को निकलते हुए देखा है। इस पर आशंका थी कि राघव को गुलदार उठा ले गया है। इस सूचना पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने वन विभाग व पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर वन व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई और बच्चे की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया। इधर, शनिवार की सुबह घर से दो किमी दूर दोगांव के जंगलों में गुलदार का खाया हुआ बच्चे का क्षतविक्षत शव बरामद हुआ। बच्चे के हाथ और सिर जंगल से मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर क्षत विक्षत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं बच्चे की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

दोगांव के जंगल में मासूम के क्षत विक्षत शव की सूचना पर पहुंची पुलिस।

वन अधिकारियों ने गुलदार को पकड़ने के लिए बच्चे के घर, दोगांव जहां बच्चे के शारीरिक अंग मिले हैं समेत तीन स्थानों पर पिंजड़ा लगाने की तैयारी कर रहा है। गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को भी पत्र लिखा है। बच्चे के परिजनों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया गया है बाकी रकम सोमवार को कार्यालय खुलने के बाद दी जाएगी।

गुलदार ने दो साल के बच्चे को निवाला बना लिया। बच्चे का क्षत विक्षत शव दोगांव के जंगल से मिला है। गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए डीएफओ ने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र लिखा है। गुलदार को पकड़ने के लिए तीन जगहों पर पिंजड़ा लगाया जा रहा है। – भूपाल सिंह मेहता, रेंजर मनोरा वन रेंज, नैनीताल वन डिवीजन

संबंधित समाचार