72 साल की उम्र में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने खेला 41वां दशरथ का पाठ, खोले कई राज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ‘चलते हैं सच्चे वीर सदा पर झूठे दांव नहीं चलते, दशरथ तो चलता है लेकिन दशरथ के पांव नहीं चलते।’ चौपाई के साथ मंच पर दशरथ के रूप में आए कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कोप भवन में प्रवेश के दौरान रूठी कैकई को मनाने का प्रयास किया। उनका अभिनय को देख …

हल्द्वानी, अमृत विचार। ‘चलते हैं सच्चे वीर सदा पर झूठे दांव नहीं चलते, दशरथ तो चलता है लेकिन दशरथ के पांव नहीं चलते।’ चौपाई के साथ मंच पर दशरथ के रूप में आए कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कोप भवन में प्रवेश के दौरान रूठी कैकई को मनाने का प्रयास किया। उनका अभिनय को देख वहां मौजूद भीड़ ने खूब तालियां बजाईं।
72 वर्षीय बंशीधर भगत 50 साल से रामलीला में अभिनय करते आ रहे हैं। उन्होंने 41 बार दशरथ का पाठ किया है। जबकि अंगद, परशुराम और बाणासुर का भी उन्होंने अभिनय किया है।

वर्ष 1970 में जब वह करीब 21 साल के हुआ करते थे तब पहली बार उन्होंने परशुराम का पाठ किया था। ग्रामीण श्रीरामलीला कमेटी ऊंचापुल के संस्थापक बंशीधर भगत का ऊंचापुल रामलीला मैदान तीसरा मंच है। इससे पहले वह कुसुमखेड़ा व कोहली कालोनी की रामलीला में भी विभिन्न किरदारों में अभिनय किया है। सोमवार को उनके साथ कैकई रूप में सुंदर बिष्ट ने अभिनय किया।

वहीं राम प्रभु मेर, सीता अखिलेश जोशी, कौशल्या जीवन पलड़िया, मंथरा ऋतु कांडपाल, लक्ष्मण कौशल ढोढियाल, सुमित्रा हर्षित तिवारी सुमन्त धीरज जोशी, दुत चेतन पांडेय बने। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा भी पहुंचे। कमेटी के अध्यक्ष खजान चन्द्र नैनवाल, महामंत्री कमल ढोढियाल, उपाध्यक्ष मनोज जोशी, सुरेश गौड़, प्रकाश पटवाल, निदेशक गौरव चंदोला आदि मौजूद रहे।

पहले पाठ में रावण से मिली थी शाबासी
बंशीधर भगत ने पहला पाठ कुसुमखेड़ा की रामलीला में खेला था। उस वक्त युवा उम्र में थे और पूरे तेवर के साथ उन्होंने परशुराम का अभिनय किया था। उनके अभिनय से खुश होकर उस वक्त रावण का किरदार निभा रहे चौकेलाल ने उन्हें शाबासी के साथ 5 रुपये का पुरस्कार दिया था। मंत्री भगत बताते हैं कि चौकेलाल अब इस दुनिया मे नहीं है। मंच पर उनकी कमी खलती है।

पहले कोयले से होता था मेकअप
बंशीधर भगत बताते हैं कि पहले कोयले से मेकअप होता था। पचास सालों से गोपाल सिंह धोनी ही बंशीधर भगत का मेकअप करते आ रहे हैं। कैबिनेट मंत्री बताते हैं कि इन मेकअप मैन ने भी उनके साथ अभिनय किया है। मेकअप मैन में कैप्टन नीलमणि पांडे को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

एक दिन पहले हुई थी मारपीट, पुलिस की रही चौकसी
ऊंचापुल की इस रामलीला में रविवार की रात 10बजे के बाद दो गुटों में झगड़ा हो गया था। दोनों ओर से करीब दस से 12 लोग थे। जमकर लात घुसे चले थे। पुलिस के आने के बाद लाठियां फटकारकर उन्हें दौड़ाया गया था। सोमवार को मंत्री के अभिनय के दौरान ऐसी कोई घटना न हो इसलिए पुलिस पहले से तैनात रही।

संबंधित समाचार