बरेली: लापता युवक का शव परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस पर मिला
बरेली, अमृत विचार। दो दिन से गायब युवक का शव इज्जतनगर पुलिस को रेलवे ट्रैक पर लोकोशेड के पास मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर परिजनों ने परिचित के कहने पर पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी की तो पता चला कि मृतक उन्हीं का बेटा है। पुलिस युवक की मौत को …
बरेली, अमृत विचार। दो दिन से गायब युवक का शव इज्जतनगर पुलिस को रेलवे ट्रैक पर लोकोशेड के पास मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर परिजनों ने परिचित के कहने पर पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी की तो पता चला कि मृतक उन्हीं का बेटा है। पुलिस युवक की मौत को हादसा बता रही है वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। अंतिम संस्कार के बाद परिजन आगे की कार्रवाई करेंगे।
इज्जतनगर क्षेत्र स्थित रेलवे वर्कशॉप के पास सोमवार की सुबह करीब 11 बजे पुलिस को एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने शव की तलाशी ली लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया था। रविवार की शाम करीब 6 बजे से प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बड़े हनुमान मंदिर का एक सेवादार मुकेश कश्यप (18) लापता था। उसके मौसेरे भाई सूरज ने बताया था कि रविवार को वह घर जाने की बात कहकर मंदिर से निकल गया था। इसके बाद से ही उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था।
परिजनों ने प्रेमनगर थाने में गुमशुदा होने की तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने भी ढूंढने की कोशिश नहीं की। मंगलवार को एक परिचित की सलाह पर मुकेश के पिता पूरन लाल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और बेटे का फोटो दिखाते हुए पूछताछ करने लगे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुकेश का फोटो पहचान लिया और परिजनों को शव के पास ले गए।
तीन दिन से लापता बेटे का शव देखते ही परिजन रो पड़े। अज्ञात होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम सोमवार को ही हो चुका था। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनो को शव सौंप दिया। वहीं इज्जतनगर इंस्पेक्टर ने बताया कि शव के शरीर पर घिसटने के निशान थे और एक हाथ की कोहनी पर से मांस भी हट चुका था।
एक साल पहले मुकेश पर छेड़छाड़ का लगा था आरोप
मुकेश के साथ मंदिर में सेवा कार्य करने वाले उसके भाई सूरज कश्यप ने बताया कि करीब एक साल पहले कॉलोनी के ही रहने वाले एक व्यक्ति से मुकेश का विवाद हुआ था। बताया कि व्यक्ति ने मुकेश पर सरेराह उसकी बेटी को छेड़ने व मंदिर जाने पर जबरन मोबाइल नंबर मांगने का झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी।
मामले के चलते युवती पक्ष के लोगों ने मुकेश के साथ मारपीट भी की थी। जब मामला पुलिस के पास पहुंचा तो युवती ने एक बार आरोपों को झुठलाया था लेकिन अपने परिजनों के दबाव में आकर उसने भी मुकेश के खिलाफ बयान दे दिया था। हालांकि उसके बाद से इस तरह की कोई बात अभी तक या लड़ाई-झगड़ा सामने नहीं आया था।
