बरेली: संदिग्ध बेटे और बहू को लेकर नार्कोटेस्ट के लिए गुजरात गई टीम
बरेली, अमृत विचार। साल भर से उलझी अतुल हत्याकांड की गुत्थी जल्द ही सुलझ सकती है। अगस्त 2020 में प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक घर में किराए पर रहने वाले अतुल गुप्ता का शव फंदे पर लटका मिला था। मामले में अतुल गुप्ता के बेटा और बहू का नार्कोटेस्ट होना था, जिसकी अनुमति कई माह पहले …
बरेली, अमृत विचार। साल भर से उलझी अतुल हत्याकांड की गुत्थी जल्द ही सुलझ सकती है। अगस्त 2020 में प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक घर में किराए पर रहने वाले अतुल गुप्ता का शव फंदे पर लटका मिला था। मामले में अतुल गुप्ता के बेटा और बहू का नार्कोटेस्ट होना था, जिसकी अनुमति कई माह पहले ही मिल चुकी है। प्रेमनगर पुलिस की एक टीम दोनों संदिग्धों को लेकर गुजरात पहुंच चुकी है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो सकता है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित भूड़ मोहल्ला में निजी अस्पताल कर्मचारी के घर में अतुल गुप्ता का शव फंदे पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। कई माह तक जांच चलने के बाद पुलिस ने बेटा और बहू को संदिग्ध पाया था। शक होने पर दोनों का नार्कोटेस्ट कराने के लिए पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी थी। पुलिस को इसकी अनुमति फरवरी 2021 में ही मिल गई थी। नार्कोटेस्ट अप्रैल में पूरा कराया जाना था। किन्हीं कारणों की वजह से नार्कोटेस्ट के लिए दोनों आरोपियों को नहीं ले जाया जा सका।
14 अक्टूबर को प्रेमनगर पुलिस की एक टीम अतुल गुप्ता के बेटे और बहू को लेकर गुजरात पहुंची। जहां उनका नार्कोटेस्ट कराया जाएगा। अतुल गुप्ता अपने दो बेटों शुभम व सोनू की और पुत्र वधूओं के साथ भूड़ मोहल्ले में किराए पर रहते थे। जानकारी के मुताबिक अतुल गुप्ता की कुछ आदतों की वजह से अक्सर बेटों से झगड़ा होता रहता था। 18 अगस्त 2020 की शाम शुभम जब घर पहुंचा तो पिता का शव फंदे पर लटका देखा।
आनन-फानन में जब बेटा पिता को लेकर निजी अस्पताल पहुंचा तो वहां डॉक्टरों ने अतुल गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ही शुभम ने प्रेमनगर पुलिस को पिता की मौत की सूचना दी थी। मकान मालिक से झगड़े के चलते शुभम ने मकान मालिक पर ही हत्या करने का आरोप लगाया था। वहीं तत्कालीन इंस्पेक्टर बलवीर सिंह द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बावजूद भी रिपोर्ट दर्ज न करने और आत्महत्या का मामला बताने को लेकर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने निलंबित भी कर दिया था।
सीओ की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में इंचार्ज प्रदीप कुमार की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रेमनगर इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि जल्द ही अतुल गुप्ता की हत्या का पर्दाफाश हो जाएगा।
