बरेली: परिवर्तित साइलेंसर लगाए सैकड़ों बुलट भर रही फर्राटा
बरेली, अमृत विचार। बुलट बाइक में एक्सट्रा साइलेंसर लगाने के प्रचलन से ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। सड़कों पर हर रोज सैकड़ों गाड़ियां फर्राटे भर रही है। वाहन चालक यातायात नियमों को ताक पर रख यहां ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं। इन वाहनों के बेवजह बजाए जाने वाले हॉर्न से लोग बहरेपन के शिकार हो …
बरेली, अमृत विचार। बुलट बाइक में एक्सट्रा साइलेंसर लगाने के प्रचलन से ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। सड़कों पर हर रोज सैकड़ों गाड़ियां फर्राटे भर रही है। वाहन चालक यातायात नियमों को ताक पर रख यहां ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं। इन वाहनों के बेवजह बजाए जाने वाले हॉर्न से लोग बहरेपन के शिकार हो रहे हैं।
शहर से लेकर गांव तक बुलट मोटरसाइकिल का क्रेज बढ़ा है। जिससे शहर में हर 10 बाइक में 50 फीसद बुलट मोटरसाइकिल देखने को मिल रहे हैं। लेकिन बुलट में लगाए जाने वाले एक्सट्रा साइलेंसर की आवाज लोगों के लिए परेशानी बन रही है। इससे लोगों के कानों पर असर पड़ रहा है। खासकर युवा वर्ग अपना रूतबा व रौब दिखाने की होड़ में अपने बुलट बाइक में एक्सट्रा साइलेंसर लगाने के शौकीन बन रहे हैं। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
इससे उसमें सुनने की क्षमता कम होने से लोग बहरेपन के शिकार हो रहे हैं। परिवहन विभाग व यातायात पुलिस शहर में बेवजह हॉर्न बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ न तो किसी भी तरह की कोई कार्रवाई कर रही है और न ही इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कोई जागरुकता अभियान ही चलाए जा रहे हैं।
साइलेंसर नहीं बदला तो निरस्त होगा पंजीकरण
बुलट बाइक के माडिफाइड साइलेंसर को नहीं बदला गया तो पहले पंजीकरण निलंबित किया जाएगा। उसके छह महीने बाद पंजीकरण निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। यह चेतावनी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन द्वितीय संदीप कुमार जायसवाल ने माडिफाइड साइलेंसर वाले बुलट चालकों को दी है। उन्होंने कहा कि माडिफाइड साइलेंसर पर 15 हजार रुपये तक जुर्माना किया जाएगा। लगातार माडिफाइड साइलेंसर लगाकर संचालित पाए जाने की स्थिति में मोटर वाहन का पंजीकरण निलंबित किया जाएगा।
अगर फिर भी मानकयुक्त साइलेंसर नहीं लगाया जाता है तो छह महीने बाद पंजीकरण को निरस्त कर दिया जाएगा। एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम जेपी गुप्ता ने बताया कि गुरूवार को छह बुलट पर कार्रवाई हुई। शासन के निर्देश पर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई के लिए टीमें गठित की गई है।
