हल्द्वानी: भारी बारिश के अलर्ट से कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली टली
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग की ओर से 18 अक्तूबर को जारी अलर्ट के चलते हर कोई सकते में है। प्रशासन ने जहां जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है वहीं कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित विजय शंखनाद रैली को भी निरस्त कर दिया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग की ओर से 18 अक्तूबर को जारी अलर्ट के चलते हर कोई सकते में है। प्रशासन ने जहां जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है वहीं कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित विजय शंखनाद रैली को भी निरस्त कर दिया गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व विधायक संजीव आर्य के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने पर 18 अक्टूबर को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भव्य स्वागत कार्यक्रम होना था। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के साथ ही दिग्गज नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव-2022 के लिए चुनावी शंखनाद करना था। इस कार्यक्रम में 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना थी।

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने 17,18, 19 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शासन-प्रशासन अलर्ट मोड में है और आपदा प्रबंधन की तैयारियों में जुट गया है। इसके बाद कांग्रेस संगठन ने भी विजय शंखनाद रैली को स्थगित करने का फैसला किया है। अब इस रैली आयोजन की अगली तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। पूरी संभावना है कि यह रैली इसी सप्ताह में आयोजित की जाएगी।
