हल्द्वानी: मांगों पर हुई सुनवाई तो कार्य बहिष्कार खत्म कर काम पर लौटे जल संस्थान के संविदा कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले चार दिनों से कार्य बहिष्कार पर डटे जल संस्थान के संविदा कर्मचारी रविवार शाम को विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार के बीच हुई वार्ता के बाद काम पर लौट गए हैं। इसके बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अब शहर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था के सुचारू होने की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले चार दिनों से कार्य बहिष्कार पर डटे जल संस्थान के संविदा कर्मचारी रविवार शाम को विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार के बीच हुई वार्ता के बाद काम पर लौट गए हैं। इसके बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अब शहर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था के सुचारू होने की उम्मीद है।

हालांकि अगले दो दिनों में भारी बारिश के अलर्ट से एक बार फिर गौला नदी के उफनाने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक शहर में पेयजल संकट के आसार बने हुए हैं।

बता दें कि 20 सितंबर से भीमताल स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर संविदा कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रहे थे। 13 अक्तूबर की रात से हल्द्वानी डिवीजन से जुड़े संविदा कर्मचारियों ने भी कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया। जिसके बाद शहर की पेयजल व्यवस्था बेपटरी हो गई।

कार्य बहिष्कार कर रहे संविदा कर्मचारी अकुशल श्रेणी में कार्यरत कर्मचारियों को कुशल श्रेणी में समायोजित करने, 26 दिन कार्य का पूर्ण वेतन देने, राजकीय एवं साप्ताहिक अवकाशों का अतिरिक्त भुगतान करने, अप्रैल 2021 से देय महंगाई भत्ते को वेतन से जोड़ने समेत अन्य मांगों पर अड़े थे। संविदा श्रमिक संघ के शाखाध्यक्ष गोविंद आर्य ने बताया कि देर शाम अधिकारियों व कर्मियों की बीच वार्ता हुई। जिसमें उनकी अधिकतर मांगों को स्वीकृति मिल गई है। जिसके बाद संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार समाप्त कर काम पर लौट गए हैं।

शीशमहल में आयोजित बैठक के बाद संविदा कर्मचारी जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव के साथ कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के आवास पर मांग पत्र लेकर पहुंचे। जहां कैबिनेट मंत्री ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर कर स्वीकृती दे दी। जिसके बाद संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।

वार्ता के दौरान मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, सहायक अभियंता नीरज तिवारी, संविदा श्रमिक संघ के मंडलीय उपाध्यक्ष पूरन चंद्र चौबे, महामंत्री गणेश नाथ गोस्वामी, लालकुआं शाखाध्यक्ष संजय कुमार, हल्द्वानी शाखाध्यक्ष गोविंद आर्या, सचिव गिरीश चंद्र, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार