उत्तराखंड में‍ अब तक 293 करोड़ की विधायक निधि खर्च नहीं कर पाए विधायक, जानिए किस विधायक ने कितनी राशि की खर्च

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के वर्तमान विधायकों को 2017 से सितंबर 2021 तक कुल 1256.50 करोड़ रुपए की विधायक निधि उपलब्ध हुई जबकि उसमें से सितंबर 2021 तक केवल 77 प्रतिशत 963.40 करोड़ की विधायक निधि ही खर्च हो सकी। 23 प्रतिशत 293.10 करोड़ की विधायक निधि खर्च होने को शेष है। काशीपुर निवासी सूचना …

काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के वर्तमान विधायकों को 2017 से सितंबर 2021 तक कुल 1256.50 करोड़ रुपए की विधायक निधि उपलब्ध हुई जबकि उसमें से सितंबर 2021 तक केवल 77 प्रतिशत 963.40 करोड़ की विधायक निधि ही खर्च हो सकी। 23 प्रतिशत 293.10 करोड़ की विधायक निधि खर्च होने को शेष है।

काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन ने उत्तराखंड के ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से विधायक निधि खर्च संबंधी सूचना मांगी थी। जिसके उत्तर में लोक सूचना अधिकारी/उपायुक्त (प्रशासन) हरगोविंद भट्ट द्वारा विधायक निधि वर्ष 2017-18 से 2022-22 का विवरण सितंबर 2021 उपलब्ध कराया है। जिसमें सितंबर 2021 के अंत तक की विधायक निधि खर्च का विवरण दिया गया है।

नदीम को उपलब्ध सूचना के अनुसार उत्तराखंड के 71 विधायक को 17.75 करोड़ रुपए प्रति विधायक की दर से 1256.50 करोड़ रुपए की विधायक निधि सितंबर 2021 तक उपलब्ध कराई गई। इसमें से अक्टूबर 2021 के प्रारंभ में 293.10 करोड़ रुपए की विधायक निधि खर्च होने को शेष है।

नैनीताल विधायक संजीव आर्य ने की सर्वाधिक विधायक निधि खर्चउत्तराखंड के 71 विधायकों में से 12 विधायकों की 70 प्रतिशत से कम विधायक निधि खर्च हुई है जबकि एक विधायक की केवल 50 प्रतिशत विधायक निधि ही खर्च हुई है। जबकि 90 प्रतिशत विधायक निधि खर्च होने वाले विधायकों में केवल एक विधायक शामिल है। सबसे कम विधायक निधि 50 प्रतिशत खर्च वालों में केदारनाथ विधायक मनोज रावत है। जबकि सर्वाधिक 90 प्रतिशत खर्च वाले नैनीताल विधायक संजीव आर्य है।

विधायक धन सिंह ने की 60 प्रतिशत विधायक निधि खर्च

60 प्रतिशत विधायक निधि खर्च वाले विधायक धन सिंह हैं। 61 से 65 प्रतिशत खर्च वाले विधायकों में महेश नेगी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, सहदेव पुंडीर शामिल है। 66 से 70 प्रतिशत वालों में प्रीतम सिंह, मगन लाल शाह, मदन सिंह कौशिक, मुन्ना सिंह चौहान, करन मेहरा, पुष्कर सिंह धामी, विनोद चमोली, महेन्द्र भट्ट शामिल है। 71 से 75 प्रतिशत खर्च वाले विधायकों में प्रेम चन्द्र, यशपाल आर्य, सुरेन्द्र सिंह जीना, राजकुमार ठुकराल, केदार सिंह रावत, खजान दास, हरवंश कपूर, गोविन्द सिंह कुंजवाल, त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सतपाल महाराज, राजकुमार, विजय सिंह पंवार, सुबोध उनियाल शामिल है।

76 से 80 प्रतिशत खर्च वाले विधायकों में राजेश शुक्ला, हरीश सिंह धामी, हरभजन सिंह चीमा, हरक सिंह, उमेश शर्मा, दीवान सिंह बिष्ट, पूरन सिंह फर्त्याल, भारत सिंह चौधरी, इंदिरा ह्रदयेश, अरविन्द पांडेय, आदेश सिंह चौहान (जसपुर), रेखा आर्य, देशराज कर्णवाल, बलवंत सिंह, रितु खंडूरी, सुरेश राठौर, चन्द्र पंत, ममता राकेश, शक्तिलाल शाह, रघुराम चौहान, कैलाश गहतोड़ी, चन्दन राम दास शामिल है। 81 से 85 प्रतिशत खर्च वाले विधायकों में दिलीप सिंह रावत, गणेश जोशी, यतीश्वरानन्द, बिशन सिंह चुफाल, प्रेम सिंह राणा, मुकेश कोली, जीआईजी मैनन, मीना गंगोला, काजी निजामुद्दीन, प्रीतम सिंह पंवार, संजय गुप्ता, विनोद भंडारी, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा शामिल है।

86 से 90 प्रतिशत खर्च वाले विधायकों में कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, राम सिंह केड़ा, फुरकान अहमद, आदेश चौहान (रानीपुर), बंशीधर भगत, धन सिंह नेगी, नवीन चन्द्र दुम्का, गोपाल सिंह रावत, तथा संजीव आर्य शामिल हैं।

मंत्रियों की विधायक निधि खर्च विवरण

नाम सीट खर्च प्रतिशत अवशेष (लाख में)

पुष्कर धामी खटीमा 69 557

बंशीधर भगत कालाढूंगी 87 229

यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण 81 333

विशन चुफाल डीडीहाट 81 331

यशपाल आर्य बाजपुर 71 519

सतपाल महाराज चौबट्टाखाल 72 495

हरक सिंह रावत कोटद्वार 77 415

डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर 60 717

गणेश जोशी मसूरी 81 346

सुबोध उनियाल नरेन्द्र नगर 75 443

रेखा आर्य सोमेश्वर 78 391

अरविन्द पांडेय बाजपुर 78 394