हल्द्वानी: कुमाऊं की बिगड़ी दशा को सुधारने में जुटा प्रशासन, कमिश्नर ने ली बैठक
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडलायुक्त सुशील कुमार ने सभी विभागों के मुख्य अधिकारियों के साथ बैठक की और अब तक हुए नुकसान और बचाव कार्य की जानकारी ली। मंडलायुक्त सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द काम करने के आदेश दिए। बैठक में लोनिवि के मुख्य अभियंता दीपक यादव ने बताया कि भवाली-नैनीताल, नैनीताल से पंगोट, काठगोदाम-हैड़ाखान-सिमलिया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडलायुक्त सुशील कुमार ने सभी विभागों के मुख्य अधिकारियों के साथ बैठक की और अब तक हुए नुकसान और बचाव कार्य की जानकारी ली। मंडलायुक्त सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द काम करने के आदेश दिए।
बैठक में लोनिवि के मुख्य अभियंता दीपक यादव ने बताया कि भवाली-नैनीताल, नैनीताल से पंगोट, काठगोदाम-हैड़ाखान-सिमलिया बैंड सड़क किमी 42 तक खोल दी गई है। बाकी आठ किमी खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है। इसी तरह खुटानी-धारी किमी 64 तक यातायात प्रारंभ कर दिया गया है, ओखलकांडा-पतलोट शुक्रवार तक खोल दी जाएगी। रानीबाग-मोतियापाथर शुक्रवार तक खोल दी जाएगी, रामगढ़ में आंतरिक सड़कें खोलने के लिए सात जेसीबी लगाई गई हैं। हल्द्वानी-भवाली सड़क खोल दी गई है, भवाली-अल्मोड़ा सड़क खैरना से आगे पूर्ण रूप से ध्वस्त हो गई है। भवाली-रामगढ़-क्वारब सड़क में यातायात सुचारु है।

हल्द्वानी-भीमताल-भवाली-धानाचुली-शहरफाटक सड़क शाम तक खोल दी जाएगी ताकि लोहाघाट-चंपावत के लिए यातायात सुचारु हो सके। एनएच अधिकारियों ने बताया कि ज्योलीकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग शाम तक खोल दी जाएगी। भवाली-गरमपानी राष्ट्रीय राजमार्ग गरमपानी से पूर्व भारी मलबा आने व रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण खोलने मे समय लगेगा। खैरना-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग जो छड़ा के पास पूरी सड़क ध्वस्त हो गई है। उसे मरम्मत कर एक लेन 30 अक्टूबर तक खोला जाएगा।
दो जेसीबी, दो पोकलैंड अल्मोड़ा की ओर से तथा दो जेसीबी खैरना की साइड से लगाई गई है और सड़क के पुन: निर्माण के लिए 20 करोड़ का आगणन भेज दिया गया है। बताया कि अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क खुली है, अल्मोड़ा-पनार-घाट तक खोल दी गई है। टनकपुर-चम्पावत-पिथौरागढ़ सड़क बन्द, बागेश्वर-बेरीनाग-पनार सड़क मार्ग को खोल दिया गया है। ऊधमसिंह नगर की सड़कें बाढ़ के पानी से खराब हो गई है जिनकी मरम्मत की जायेगी यातायात सुचारू है।
आयुक्त ने राज्य व आंतरिक ग्रामीण मार्गों को प्राथकिमता से खोलने के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए। उन्होंने कहा कि जेसीबी मशीनें बढ़ाए जाएं व कार्य में तेजी लायें। मुख्य अभियन्ता ने लोनिवि के सभी खंडों में आपदा दौरान क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को सुचारू करने हेतु 20-20 लाख की धनराशि अवमुक्त करने का अनुरोध आयुक्त से किया। आयुक्त ने कुमाऊं स्वास्थ्य निदेशक डा. शैलजा भट्ट को निर्देश दिए कि वे जिला चिकित्सालयों व सभी सीएचसी, पीएचसी में सभी व्यवस्थायें सही रखें।
पटरी पर लौटने लगी नैनीताल जिले में पेयजल व्यवस्था
पेयजल के मुख्य अभियन्ता राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि कि अल्मोड़ा शहर में पेयजल सुचारु कर दिया गया है, नैनीताल जनपद के मुख्य शहरों में पेयजल सुचारु हो गया है, रामनगर शहर में सायं तक पेयजल सुचारु कर दिया जाएगा। उधमसिंह नगर में सारे पंप सुचारु कर दिए गए हैं। रामगढ़ में पम्पिंग स्टेशन बह गया है, ग्रेविटी लाइन से पेयजल व्यवस्था की जा रही है।
जिले में 30 में से 27 सब स्टेशन चालू
अधीक्षण अभियंता तरुण सिंह ने अवगत कराया कि घाट स्थित 33 केवीए सब स्टेशन टूट गया है लोहाघाट-चम्पावत शहर में वैकल्पिक रूप से दूसरे फीडर से विद्युत सुचारू कर दी गई है। जनपद नैनीताल में 30 सब स्टेशनों मे से 27 सब स्टेशन चालू हैं जबकि ओखलकांडा-बेतालघाट-गरमपानी सब स्टेशन आपदा के दौरान खराब हो गये हैं, जिनमें कार्य प्रगति पर है और इन सब स्टेशनों के क्षेत्रों मे अन्य 11 केवीए फीडरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्युत सुचारु किए जाने का कार्य किया जा रहा है।
सिंचाई विभाग को 22 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
हल्द्वानी। मुख्य अभियन्ता सिंचाई संजय शुक्ल ने कहा कि अल्मोड़ा-बागेश्वर-चम्पावत- पिथौरागढ़ में नहरों के हैड व नहरें काफी क्षतिग्रस्त हो गई है, पानी का लेवल कम होने पर मरम्मत कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। जनपद अल्मोड़ा में 267 लाख, बागेश्वर में 115 लाख, पिथौरागढ़ में 7 करोड़ व चम्पावत में 221 लाख के क्षति का आंकलन किया गया है। मुख्य अभियन्ता नैनीताल व ऊधमसिंह नगर ने बताया कि उधमसिंह नगर में 9.58 करोड़ की नहरों की क्षति हुई है। साथ ही किच्छा बैराज का गेट नम्बर आठ क्षतिग्रस्त हुआ है।
25 करोड़ से सुधरेगी वन विभाग की हालत
हल्द्वानी। प्रभागीय वनाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि कुमाऊं में वन विभाग की सड़कें, नदियों के तटबंध, सोलार फैंसिंग, दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं जिनका प्राथमिक आंकलन 25 करोड़ किया गया है। मुख्य अभियंता सड़क एवं विद्युत ने अवगत कराया कि आपदा के दौरान काफी पेड़ सड़क व विद्युत लाइन के ऊपर आ गये हैं जिन्हें काटने की अनुमति दी जाए। जिस पर वन संरक्षक ने कहा कि प्रस्ताव दें काटने की अनुमति दे दी जायेगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में वन संरक्षक राहुल, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, निदेशक दुग्ध बीएल फिरमाल, ,आरटीओ राजीव मेहरा, उपनिदेशक अर्थसंख्या राजेन्द्र तिवारी, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, ओम प्रकाश, के साथ ही पेयजल, मत्स्य, उद्यान, कृषि, बीएसएनएल, जीओ, वोडा-आइडिया आदि के अधिकारी मौजूद थे।
