बरेली: अनाधिकृत रूप से संचालित ट्रैवल एजेंसियों पर कार्रवाई करें
बरेली, अमृत विचार। शहर में अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहीं ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ अब सख्ती की जाएगी। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों को अनाधिकृत रूप से चल रहीं एजेसियों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह भी बताया कि अनाधिकृत एजेंसियों की वजह से लाइसेंस वाली एजेंसियों को नुकसान झेलना …
बरेली, अमृत विचार। शहर में अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहीं ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ अब सख्ती की जाएगी। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों को अनाधिकृत रूप से चल रहीं एजेसियों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह भी बताया कि अनाधिकृत एजेंसियों की वजह से लाइसेंस वाली एजेंसियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। ये एजेंसियां बंद होंगी तो लाइसेंस वाली एजेंसियों की संख्या भी बढ़ेगी। ये निर्देश मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में सम्भागीय परिवहन अभिकरण की बैठक लेते हुए दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि परिवहन विभाग को अवैध वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने की आवश्यकता है। परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल सक्रिय होकर अवैध वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाएं। विभाग में जितने भी प्रकरण लंबित हैं। उन्हें नियमानुसार एक निश्चित अवधि का नोटिस देकर निस्तारित कराएं। दो टूक कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं हैं। इस तरह के मामले उनके संज्ञान में नहीं आने चाहिए।
सचिव सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण कमल प्रसाद गुप्ता ने बैठक में मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा-86 के तहत प्रस्तुत किये चालानों का मामला उठाया। बैठक में निर्णय लिया गया कि न्यायालय/चालानी प्राधिकारी द्वारा चालानों एवं न्यायालय में लंबित चालानों के परमिट धारकों का वाद दर्ज कराने के बाद प्राधिकरण द्वारा निर्धारित प्रशमन शुल्क जमा कराने के बाद ही धारा-86 की कार्यवाही से मुक्त किया जाए।
यदि वाहन स्वामी ने प्रशमन शुल्क 31 दिसम्बर 2021 तक जमा नहीं किया है तो ऐसी दशा में उनके वाहन के परमिट को निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि वाद निस्तारित न कराये वाहन यदि मार्ग पर संचालित होते पाये जाते हैं तो सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन उनको थाने में निरुद्ध कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह, एमएल चौरसिया उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र, महेन्द्र कुमार सिंह सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन, क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीएसआरटीसीए बरेली उपस्थित रहे।
