हल्द्वानी: माता पिता के संस्कारों की बदौलत 35 सालों से राम सेवा में जुटे हैं विपिन गुणवंत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। माता-पिता से मिले संस्कारों और संस्कृति से प्रति जुनून के दम पर हल्द्वानी के विपिन चंद्र गुणवंत ने राम सेवा में जीवन समर्पित कर दिया। बीते 35 सालों में पहाड़ से लेकर मैदान तक की रामलीला में शायद ही ऐसा कोई किरदार होगा जिसे विपिन चंद्र गुणवंत ने अपने जीवंत अभिनय से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। माता-पिता से मिले संस्कारों और संस्कृति से प्रति जुनून के दम पर हल्द्वानी के विपिन चंद्र गुणवंत ने राम सेवा में जीवन समर्पित कर दिया। बीते 35 सालों में पहाड़ से लेकर मैदान तक की रामलीला में शायद ही ऐसा कोई किरदार होगा जिसे विपिन चंद्र गुणवंत ने अपने जीवंत अभिनय से न सजाया हो। इन दिनों विपिन आदर्श रामलीला कमेटी पीलीकोठी में मेघनाद का किरदार निभा रहे हैं।

पीलीकोठी की रामलीला में मेघनाद का किरदार निभाते विपिन चंद्र गुणवंत।

मूलरूप से नैनीताल जिले के गांव सिमराढ़ निवासी 58 वर्षीय विपिन चंद्र गुणवंत वर्तमान में रामपुर रोड गली नंबर दो में रहते हैं। बतौर समाचार पत्र वितरक और मेडिकल सेवा से जुड़ने के साथ ही विपिन सालों से रामलीला समेत तमाम भक्ति कार्यों से जुड़े रहे। विपिन बताते हैं कि 35 साल पहले उन्होंने गांव के समीप बिचखाली से रामलीला में अभिनय की शुरुआत की थी। ढोकाने इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान रंगमंच के गुर सीखे। पिता कीर्ती बल्लभ गुणवंत और मां तुलसी देवी के संस्कारों ने हमेशा सत्कर्मों के लिए प्रेरित किया।

साल 1984 में हल्द्वानी आने के बाद कई वर्षों तक शहर की मुख्य रामलीला समेत रामपुर रोड की रामलीला में अभिनय किया। इस दौरान रामलीला के अधिकतर किरदार निभाए। विपिन कहते हैं कि आज के वक्त में नई पीढ़ी रामलीला मंचन में भागीदारी के तौर पर ही नहीं बल्कि दर्शक के रूप में भी दूर रहने लगी है, यह बात उन्हें कचोटती है। उन्होंने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक जीवनयापन से जुड़े कार्यों को करने के बाद रात में प्रभु राम के दरबार में शामिल होना उन्हें सुकून देता है। जब भी थकान होती है तो परिवार में जीवनसंगिनी लक्ष्मी गुणवंत और बच्चे मनोबल बढ़ाने का काम करते हैं।

निर्मल विहार बिठौरिया नंबर एक निवासी विपिन चंद्र गुणवंत के भाई दिनेश चंद्र गुणवंत बताते हैं कि रामसेवा के प्रति विपिन दाज्यू का जुनून देखते ही बनता है। दिनभर की व्यस्तता के बावजूद विपिन दाज्यू जब राम के दरबार में किरदार निभाते हैं तो दर्शक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।

संबंधित समाचार