सावधान ! उत्तराखंड में मौसम फिर से बदल रहा है तेवर
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार और मंगलवार को हुई भारी बारिश के चलते जान और माल की हानि झेलने वाले राज्य के लिए एक और बुरी खबर है। मौसम का मिजाज फिर से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है। राज्य के पांच जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार और मंगलवार को हुई भारी बारिश के चलते जान और माल की हानि झेलने वाले राज्य के लिए एक और बुरी खबर है। मौसम का मिजाज फिर से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है। राज्य के पांच जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार गढ़वाल के उत्तरकाशी, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग और कुमाऊं के नैनीताल और चंपावल जिलों में बारिश शुरू हो सकती है। यही नहीं 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इधर कुमाऊं में विगत दिनों नैनीताल और चंपावत जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई थी। यहां बारिश के चलते कई लोगों की मौत हो गई थी।
यहां सरकार और प्रशासन आपदा राहत कार्य चला रहे हैं। अगर इन जिलों में फिर से बारिश शुरू होती है तो इन राहत कार्यों पर असर पड़ सकता है। जहां तक नैनीताल जिले की बात है तो यहां पर अक्टूबर में अभी तक नौ गुना ज्यादा बारिश हो चुकी है। यहां इस दौरान तक सामान्य तौर पर 41.8 मिमी बारिश होती है जबकि अभी तक 406.2 मिमी बारिश हो चुकी है।
तापमान में गिरावट शुरू
पहाड़ों में कई स्थानों पर बर्फबारी होने की वजह से मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यहां पिछले दिनों अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास चल रहा था।
