रुद्रपुर: सीईटीपी प्लांट में गिरने से प्लांट हेड समेत तीन की मौत, एक बेहोश
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल के केमिकल व गंदगी युक्त पानी को फिल्टर करने के लिए लगे प्लांट के सीवर टैंक में गैस से दम घुटने पर तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक कर्मचारी बेहोश हो गया। उसे जिला अस्पाताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ व फायर बिग्रेड के …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल के केमिकल व गंदगी युक्त पानी को फिल्टर करने के लिए लगे प्लांट के सीवर टैंक में गैस से दम घुटने पर तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक कर्मचारी बेहोश हो गया। उसे जिला अस्पाताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ व फायर बिग्रेड के कर्मियों ने टैंक से तीनों के शवों को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शवों को बाहर निकालने में पुलिस को दो घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
दरअसल सिडकुल के केमिकल व गंदगी युक्त पानी को फिल्टर करने के लिए सिडकुल में एक प्लांट की स्थापना की गई है। इसका कार्य पंतनगर सीइटीपी प्रा. लि. को सौपा गया है। सोमवार को प्लांट में कुछ तकनीकी खामी होने पर कंपनी का एक कर्मचारी ग्राम चंपतपुर, बरेली हाल ट्रांजिट कैम्प निवासी हरिपाल सीवर टैंक में उतरकर निरीक्षण कर रहा था। तभी वह दिमाग में गैस चढ़ने से बेहोश हो गया और सीढ़ियों से टैंक के अंदर जा गिरा।

यह देख वहां मौजूद प्लांट हेड आध्रप्रदेश ईस्ट जोन के ग्राम गुंटुर हाल ओमेक्स रिवेरा निवासी रामन्जुल उर्फ रमन उसको बचाने के लिए दौड़े और बिना सुरक्षा के टैंक में उतर गए। इस कारण वह भी गैस के प्रभाव में आकर बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं आए तो उनको बचाने के लिए कंपनी का एकाउंटेंट यूपी के आजमगढ़ हाल निवासी मेट्रोपालिस कॉलोनी निवासी अवधेश कुमार भी टैंक में उतर गया। लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर टैंक में जा गिरा। टैंक में दम घुटने से तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
कुछ देर कंपनी का ड्राइवर गाड़ी लेकर कंपनी पहुंचा तो वह अपने मालिक को बचाने के लिए कमर में रस्सी बांधकर सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरा। लेकिन गैस का प्रकोप तेज होने के कारण वह बेहोश हो गया। जिस पर मौके पर पहुंचे अन्य लोगों व पुलिस कर्मियों ने उसे बमुश्किल ऊपर खींच बाहर निकाला। उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पाताल में भर्ती कराया गया।
इधर, सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ और फायर बिग्रेड के कर्मियों ने दो घंटे तक रेस्क्यू कर तीनों शवों को सीवर टैंक से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ आशीष भारद्वाज ने बताया कि प्रथमदृष्टया सीवर टैंक में गैस से दम घुटने से तीनों की मौत हुई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इधर बेहोश हुए व्यक्ति की हालत स्थिर बनी हुई है।
