हल्द्वानी: यहां पुलिस-प्रशासन सोता है, रात को गश्त करने को मजबूर चार कॉलोनियों की महिलाएं
संजय पाठक, हल्द्वानी। नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की पकड़ धीमी पड़ी तो मातृशक्ति ने हिम्मत जुटा ली। चंबल पुल के पास बसी चार कॉलोनियों की महिलाओं ने नशे के खिलाफ एक ऐसा अभियान छेड़ा है जो पूरे क्षेत्र में मिसाल बन गया है। नगर निगम के वार्ड नंबर 46 …
संजय पाठक, हल्द्वानी। नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की पकड़ धीमी पड़ी तो मातृशक्ति ने हिम्मत जुटा ली। चंबल पुल के पास बसी चार कॉलोनियों की महिलाओं ने नशे के खिलाफ एक ऐसा अभियान छेड़ा है जो पूरे क्षेत्र में मिसाल बन गया है।

नगर निगम के वार्ड नंबर 46 की निर्मल विहार, रतन पुरम, लक्ष्मी विहार और जीना कॉलोनी के उबड़ खाबड़ मुख्य रास्ते पर झाड़ियों और गंदगी का साम्राज्य है। इन कॉलोनियों में कूड़ा गाड़ी हफ्ते में एक बार आती है। स्ट्रीट लाइट न होने से सूरज ढलने के बाद कॉलोनी की सड़क पर नशा करने वालों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। इस कारण महिलाओं और बेटियों का घर से निकलना तक दूभर हो गया है।

महिलाओं की मानें तो रोजाना सफाई अभियान चलाने के साथ ही देर रात तक वह लाठी डंडों के साथ नशेड़ियों से भिड़ती हैं। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिलती है। सड़क किनारे पुलिस का सहायता केंद्र शोपीस बना है। कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन सबने अनसुना कर दिया। नशे के खिलाफ चार कॉलोनियों की महिलाओं की एकजुटता पुलिस प्रशासन के मुंह पर तमाचे से कम नहीं है।

सामुहिक प्रयास से हो रही दिगंबर महादेव मंदिर की स्थापना
निर्मल विहार कॉलोनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश गुणवंत ने बताया कि जनसहयोग से निर्माणाधीन पार्क के बगल में दिगंबर महादेव मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें शिवलिंग के साथ मां पार्वती, श्रीगणेश, कार्तिकेय और नंदीजी की मूर्ति स्थापित की जाएगी। मंदिर के होने से क्षेत्र का माहौल भी सुधरेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और सड़क सुधार की नितांत जरूरत है।
गश्त करने वाली टीम में ये हैं शामिल
शोभा गुणवंत, बसंती अधिकारी, ज्योति उपाध्याय, कमला तिवारी, वंदना तिवारी, ललिता देवी, गोविंदी बिष्ट, मनीषा असवाल, कंचन पांडे, सुषमा असवाल, बसंती पटवाल, शोभा कपिल, चंद्रा नेगी, उमा तिवारी, शोभा नेगी, ममता बिष्ट, ममता नेगी, यस्वी गुणवंत, अर्चना गुणवंत, ममता नेगी, निर्मला तिवारी, दिनेश गुणवंत, हरि सिंह, विपिन बहुगुणा आदि।

महिलाओं की बात
चंबल पुल से कॉलोनी की सड़क और निर्माणाधीन पार्क में सुबह से रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। लेकिन पुलिस और प्रशासन आंखें मूंदे है। महिलाएं देर रात तक पहरा देने को मजबूर हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। – ममता नेगी, लक्ष्मी विहार
सुबह से रात तक कॉलोनी की सड़क पर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। विरोध करने पर कई बार हम पर हमला भी हो चुका है। नगर निगम में शामिल होने के बाद भी कोई सुविधा नहीं मिली है। पुलिस-प्रशासन के अनदेखी भारी पड़ रही है। – बसंती अधिकारी, जीना कॉलोनी
अब कॉलोनी के निर्माणाधीन पार्क भी नशेड़ियों का गढ़ बन गया है। उम्रदराज महिलाएं भी देर रात नशेड़ियों को खदड़ेने को जुटती हैं। पुलिस और प्रशासन शिकायत के बाद भी मौन है। – वंदना तिवारी, निर्मल विहार
बच्चों और महिलाओं के लिए कॉलोनी की मुख्य सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। नशा करने वाले बाइक और कारों में सवार होकर आते हैं। आखिर हम महिलाएं भी कब तक लडे़ंगी? पुलिस को सुध लेनी चाहिए। – ललिता बिष्ट, निर्मल विहार
जिम्मेदारों की बात
चंबल पुल के पास जल्द अभियान चलाकर नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोशिश है कि जनसहयोग से यहां पर एक स्थायी चौकी बनाई जाए। मैं स्वयं क्षेत्र में जाऊंगा। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। – कविंद्र शर्मा, थानाध्यक्ष, मुखानी
मेरी पूरी कोशिश रहती है कि समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहूं लेकिन नगर निगम प्रशासन मेरी ही नहीं सुनता तो मैं क्या करूं। मेयर मेरा फोन तक नहीं उठाते। नगर निगम प्रशासन की अनदेखी से वार्ड में समस्याओं का अंबार है। – गोपाल सिंह बिष्ट, पार्षद
