एक छात्र गिरफ्तार, आज से खुलेगा बरेली कॉलेज
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में शिक्षकों व कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम प्रथम व बारादरी थाना प्रभारी कॉलेज पहुंचे और शिक्षकों व कर्मचारियों को बताया कि कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले नामजद एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे छात्र को भी जल्द गिरफ्तार …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में शिक्षकों व कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम प्रथम व बारादरी थाना प्रभारी कॉलेज पहुंचे और शिक्षकों व कर्मचारियों को बताया कि कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले नामजद एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे छात्र को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसके अलावा भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस व प्रशासन हर समय तैयार रहेगा। आश्वासन मिलने के बाद शिक्षकों व कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार वापस ले लिया। गुरुवार से कॉलेज फिर से खुलेगा और सभी शिक्षक व कर्मचारी काम पर वापस लौटेंगे।
बता दें कि बरेली कॉलेज में पहले छात्रों व कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी। उसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं व छात्रों के द्वारा प्राचार्य कार्यालय में तोड़फोड़ की गई थी और प्राचार्य की कुर्सी बाहर निकालकर रख दी गई थी। इस घटना के बाद दूसरे छात्र संगठनों ने विरोध किया था। शिक्षकों व कर्मचारियों ने तोड़फोड़ करने वाले छात्रों पर कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी थी।
शिक्षक व कर्मचारी सोमवार से कार्य बहिष्कार पर थे। पुलिस व प्रशासन लगातार कार्रवाई का आश्वासन दे रहा था और बुधवार को गिरफ्तारी होने की सूचना देने के बाद कार्य बहिष्कार वापस ले लिया गया। शिक्षक संघ के सचिव डा. वीपी सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर 2 बजे सिटी मजिस्ट्रेट एवं एसीएम प्रथम आए। उनके साथ सेमिनार कक्ष में प्राचार्य समेत सभी संगठन पदाधिकारियों के सामने वार्ता हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी। साथ ही अन्य चिन्हित अराजक तत्वों के खिलाफ भी कार्यवाही जारी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। कॉलेज में पुलिस प्रशासन की पूरी व्यवस्था रहेगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि कार्रवाई की जा चुकी है, इसलिए पठन-पाठन शुरू किया जाए। सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम प्रथम के साथ धरना स्थल पर भी आए और सभी साथियों को संबोधित भी किया। उनके द्वारा कार्रवाई से संतुष्ट होकर शिक्षकों व कर्मचारियों ने अपने कार्य बहिष्कार को वापस करने का निर्णय किया।
छात्रवृत्ति फार्म जमा करने के लिए कॉलेज में लगी भीड़
बरेली कॉलेज में छात्रों व कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बावजूद बुधवार को बीएड विभाग में विशेष रूप से छात्रवृत्ति फार्म जमा करने के लिए काउंटर लगाये गये थे। दो दिन से फार्म जमा न होने से परेशान काफी संख्या में छात्र कॉलेज में पहुंच गए। इसकी वजह से काफी भीड़ लग गई। छात्रों के छात्रवृत्ति फार्म जमा किये गये। छात्रों के फार्म 28 अक्टूबर तक जमा किये जाएंगे।
