हल्द्वानी में बनेंगी तीन नई पुलिस चौकियां
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना जल्द ही सबसे अधिक चौकी वाला थाना बन जाएगा। यहां तीन और नई चौकियां स्थापित होंगी। अधिकारियों ने चौकी निर्माण की योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। चौकी के लिए जमीन तलाशने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद इस थाना क्षेत्र में छह चौकी हो जाएंगी। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना जल्द ही सबसे अधिक चौकी वाला थाना बन जाएगा। यहां तीन और नई चौकियां स्थापित होंगी। अधिकारियों ने चौकी निर्माण की योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। चौकी के लिए जमीन तलाशने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद इस थाना क्षेत्र में छह चौकी हो जाएंगी। अधिकारियों का दावा है कि इस विस्तार से अपराधों पर अंकुश लगाना और आसान होगा।
मुखानी थाना क्षेत्रफल की दृष्टि से जिले का सबसे बड़ा थाना है। इस थाने में तैनात पुलिसकर्मी 20 किमी के क्षेत्रफल को कबर करते हैं। मुखानी थाने में पहले से लामाचौड़, आरटीओ, आम्रपाली पुलिस चौकी बनी हुई है। बावजूद अपराध पर अंकुश लगाना मुश्किल होता है। यहां आए दिन नशे में धुत शातिर किसी न किसी वारदात को अंजाम देते रहते हैं। ऐसे में यहां पुलिस चौकी की कमी स्वयं खाकी को खलती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने चंबल पुल के पास, जज फार्म एवं सेंट्रल अस्पताल के पास चौकी बनाने का निर्णय लिया है। अब इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है। जमीन मिलने के बाद यहां चौकी का निर्माण शुरू हो जाएगा। थानाध्यक्ष कविंद्र शर्मा ने बताया कि चौकियों का निर्माण जन सहयोग से किया जाना है। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से जमीन दिलाने और चौकी निर्माण में मदद की अपेक्षा की है।
सबसे बड़े क्षेत्र को संभाले हुए हैं 14 पुलिसकर्मी
करीब 20 किलोमीटर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए केवल 14 पुलिसकर्मी तैनात हैं। नशे के कारोबार का यहां जाल बिछा हुआ है। शाम होते ही नशे में धुत्त युवक इधर-उधर एकत्रित होना शुरू हो जाते हैं। पुलिस गश्त भी करती है, लेकिन पुलिस को देख कुछ देर के लिए इधर-उधर हो जाते हैं। बाद में पुन: यहीं पर जमा होकर धमाचौकड़ी करते हैं। स्थानीय लोग पुलिस को कई बार इसकी शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन स्टॉफ के अभाव में पुलिस कोई अभियान नहीं चला पाती है।
