हल्द्वानी: रामपुर रोड पर रात में खतरों के बीच गुजरते हैं वाहन सवार, निगम प्रशासन बेपरवाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल हाइवे के बाद शहर में रामपुर रोड सबसे व्यस्तम मार्गों में आता है। लेकिन जिम्मेदार इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। तभी तो स्टेट हाइवे होने के बावजूद इस मार्ग पर अंधेरे का साया काल बनकर यातायात प्रभावित करता है। मानपुर पश्चिम वार्ड के अंतर्गत इस रोड का करीब तीन किमी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल हाइवे के बाद शहर में रामपुर रोड सबसे व्यस्तम मार्गों में आता है। लेकिन जिम्मेदार इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। तभी तो स्टेट हाइवे होने के बावजूद इस मार्ग पर अंधेरे का साया काल बनकर यातायात प्रभावित करता है। मानपुर पश्चिम वार्ड के अंतर्गत इस रोड का करीब तीन किमी का हिस्सा आता है। इतनी दूरी के बीच एक भी स्ट्रीट लाइट न होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं।

ग्राम पंचायत से शहर में शामिल होने के बाद इस क्षेत्र को वार्ड संख्या 56 का नाम दिया गया। पीडब्ल्यूडी के अलावा इस रोड पर की जिम्मेदारी नगर निगम पर भी है। लेकिन इस विभाग के अधिकारी भी लगातार उपेक्षा बनाए हुए हैं। पड़ताल में पता चला कि कई बार पार्षद के माध्यम व स्वयं लोग भी प्रकाश की व्यवस्था को लेकर आवाज उठा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं। वार्ड के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियां भी इस अव्यवस्था से जूझ रही हैं।

दिवाली भीउन्हें अंधेरे के बीच मनाना पड़ सकता है। गलियों में प्रकाश की व्यवस्था न होने से पर्व के दौरान काफी दिक्कतें होने का डर रहेगा। इसका कारण बताते हुए लोगों ने बताया कि अधिकतर कालोनियों में खेत व झाड़ियां भी है। जिस वजह से सांप व अन्य खतरनाक जीव को लेकर डर बना रहता है। अंधेरे की वजह से खतरा और बढ़ जाता है।

वार्ड संख्या 56 : मानपुर
आबादी : लगभग छह हजार
क्षेत्र – मानपुर पश्चिम, गोपालजी विहार, एकता विहार का फेज एक, दो, तीन, चार, सरस्वती विहार, देवभूमि, प्रीतम विहार, नैनी विहार, वेदबंधु, श्याम विहार, गुरुनानक कॉलोनी आदि।

समस्या – 1
पुरानी पेयजल लाइनें पर्याप्त नहीं
पुरानी हो चुकीं खस्ताहाल लाइनों के कारण वार्ड का एक बड़े हिस्से की आबादी हर रोज पेयजल संकट से जूझती है। नलकूप की कमी न होने के बावजूद पानी की आपूर्ति बेहतर न होने से लोग परेशान रहते हैं। यलो-प्रेशर की समस्या से सबसे ज्यादा वेद बंधु कालोनी, बालाजी विहार, टीपी नगर, काली का मंदिर आदि क्षेत्रों में ज्यादा है। कई बार लोगों को पानी ढोने को मजबूर होना पड़ता है।

समस्या – 2
खस्ताहाल सड़कों से जूझते लोग
इस वार्ड में कई कालोनियां सड़कों की बदहाल स्थिति से जूझ रही हैं। सड़कों पर गड्ढे और उनकी हालत बिगड़ने से लोगों को काफी परेशानी होती है। पड़ताल में गोपालजी विहार, देव राधे विहार और मानपुर पश्चिम और नैनीताल बैंक के पीछे की सड़क खराब मिली। इसके साथ ही देवलचौड़ में भी कुछ स्थानों पर सड़क की हालत खराब मिली।

समस्या – 3
सफाई सामाजिक संस्थाओं के भरोसे
वार्ड में सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम ने अब तक एक भी कर्मचारी नियुक्त नहीं किया है। यह व्यवस्था महिला मंगल दल से जुड़ी महिलाओं के भरोसे रहती है। स्थिति बिगड़ने पर जब लोग परेशान होते हैं तो निगम से मदद मांगनी पड़ती है। सीवर लाइन को लेकर एक साल पहले हुए सर्वे के बाद निगम भूल गया। तीन पार्क हैं, जिनकी स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। स्टेट हाइवे पर ही कई स्थानों पर पानी और कचरे की स्थिति देखी गई।

बोले वार्ड के लोग

मानपुर पश्चिम में पालम सिटी के निकट वाली रोड लंबे समय से खराब है। अक्सर बाइकें फिसलती हैं। गड्ढों के कारण कई बार लोग घायल हो चुके हैं। – शमशेर सिंह अट्टू

– दिवाली का पर्व नजदीक होने के बावजूद प्रकाश की व्यवस्था नहीं की गई। कालोनियों में लाइटें न लगाकर त्योहार फीका करने काम किया गया है। – शक्ति सिंह

गुरुनानक कालोनी की रोड खराब है। कई बार इस समस्या से अवगत कराते हैं लेकिन कोई भी ध्यान नहीं देता है। हर रोज दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। – सुरेंद्र यादव

बरसात के दिनों में नालियां की कमी बड़ी समस्या रहती है। जलभराव की दिक्कत होती है। सड़कें बनाई जाएं तो इसका विशेष ख्याल किया जाना चाहिए। – महेश पंत

रुद्रपुर सिडकुल होने के कारण रामपुर रोड पर दौड़ते वाहनों की संख्या बहुत ज्यादा हो चुकी है। रात में अंधेरे के कारण कई हादसे हुए हैं। – बिरसा संधू

नई पेयजल लाइन और स्ट्रीट लाइटें जल्द लगा दी जाएंगी। जो सड़कें रह गई हैं, उनपर जल्द काम होगा। पार्कों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर काम होगा। – राजेंद्र नेगी, पार्षद

संबंधित समाचार