हल्द्वानी: पहले आओ, पहले पाओ के साथ ऑफलाइन प्रवेश पर माने छात्र
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कालेज में पहले आओ पहले पाओ पर ऑफ लाइन प्रवेश मिल सकेगा। जो छात्र छूट जाएंगे उन्हें गौलापार कुंवरपुरा के नवीन राजकीय महाविद्यालय में सिफारिश पर ऑफलाइन प्रवेश दिया जाएगा। प्राचार्य के इस आश्वासन से छात्रों ने अनशन स्थगित कर दिया है। उन्होंने आश्वासन पूरा न होने पर दोबारा उग्र आंदोलन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कालेज में पहले आओ पहले पाओ पर ऑफ लाइन प्रवेश मिल सकेगा। जो छात्र छूट जाएंगे उन्हें गौलापार कुंवरपुरा के नवीन राजकीय महाविद्यालय में सिफारिश पर ऑफलाइन प्रवेश दिया जाएगा। प्राचार्य के इस आश्वासन से छात्रों ने अनशन स्थगित कर दिया है। उन्होंने आश्वासन पूरा न होने पर दोबारा उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
एमबीपीजी कालेज में तीसरी बार कटऑफ लिस्ट जारी होने के बाद से ही छात्रों का पारा चढ़ा हुआ था। एनएसयूआई में छात्र नेता जीवन जोशी ने बताया कि कालेज की ओर से बीएससी में 79, बीए में 69, बीकॉम में 72 फीसदी पर कटऑफ जारी की गई। ऐसे में उन छात्रों के लिए बड़ी परेशानी थी, जिनका प्रतिशत इस कटऑफ के अनुसार नहीं थी। सीटें बढ़ाने की मांग न माने जाने से गुस्साए छात्रों ने धरना और फिर अनशन शुरू कर दिया। भूख हड़ताल पर बैठे कुछ छात्रों की तबीयत भी बिगड़ी थी।
हंगामा बढ़ने पर सोमवार को प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने छात्रों के साथ वार्ता की और फिर उन्हें ऑफलाइन प्रवेश में पहले आओ, पहले पाओ के साथ-साथ गौलापार स्थित कुंवरपुरा में बन रहे महाविद्यालय में प्रवेश के लिए सिफारिश का भी आश्वासन दिया है। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर संजय खत्री, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, रश्मि आदि थे।
विवि में रजिस्टर्ड छात्र को ही मिलेगा प्रवेश
एमबीपीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि विवि में रजिस्टर्ड सूची में शामिल छात्र को ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कालेज में 32 सौ के करीब प्रवेश होने थे। यह प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही थी। हालांकि इसमें कुछ समय भी लग रहा था। अब शेष 700 सीटें रह गई हैं, उन्हें ऑफलाइन भरा किया जाएगा। जो छात्र पहले आ जाएगा, उसे मौका दिया जाएगा। उसके बाद भी यदि कोई छात्र रह जाता है तो उका गौलापार स्थित राजकीय महाविद्यालय में दाखिला दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुमाऊं विवि से पंजीकृत छात्र का ही प्रवेश लिया जाएगा।
कुलपति से भी मिले छात्र नेता
सीटें बढ़ाए जाने की मांग को लेकर छात्र नेता नैनीताल पहुंच गए। उन्होंने कुमाऊं विवि जाकर कुलपति की कार रोकी और ज्ञापन सौंपा। छात्र नेताओं में शामिल सूरज पांडे ने कहा कि 460 सीटें कम कर दी गईं, जिस वजह से छात्रों को नुकसान हो रहा है। सीटें बढ़ेंगी तो छात्रों को अपने ही शहर में कालेज मिल जाएगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो छात्र नेता आंदोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान सत्यम धर्मवाल, मनीष गोस्वामी, करन अधिकारी आदि थे।
