शाहजहांपुर: अब प्रदेश में न दंगे होते हैं, न माफिया सताते हैं- योगी
शाहजहांपुर/जलालाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा ने एक नया भारत बनाने का काम किया है। प्रदेश में अब न तो दंगे होते हैं और न माफिया सताते हैं। आपने बदलते हुए भारत और पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत को देखा है। एक भारत वो था, जब दुश्मन देश …
शाहजहांपुर/जलालाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा ने एक नया भारत बनाने का काम किया है। प्रदेश में अब न तो दंगे होते हैं और न माफिया सताते हैं। आपने बदलते हुए भारत और पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत को देखा है। एक भारत वो था, जब दुश्मन देश आंख दिखाता था, तब सरकारें कहती थीं कि कुछ मत बोलो, कहीं दुश्मन देश नाराज न हो जाए, लेकिन नया भारत दुश्मन देश अगर आंख दिखाता है तो उसकी आंख को हथेली पर रखने का काम करता है।
मुख्यमंत्री ने पहले जलालाबाद कस्बे के काकोरी शहीद इंटर कॉलेज में मंगलवार को 269 करोड़ रुपये की 131 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जबकि शहर के खिरनीबाग रामलीला मैंदान 226 करोड़ की 101 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस तरह सीएम ने कुल 495 करोड़ की विकास परियोजनाओं को शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान सभाओं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा की सरकार 2012 में आई तो हर तीसरे दिन एक नया दंगा होता था।
सपा की सरकार आते ही रामजन्मभूमि पर हमला करने वालों से मुकदमा वापस लिया था पर भाजपा सरकार आई तो बहन बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड बनाया। कर्ज माफ किया। बूचड़ खाने बंद किए। सरकार की जब नियत साफ, सोंच ईमानदार होती है तो काम भी दमदार होता है। यह दमदार कार्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। कहा कि बाढ़ और बारिश से बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को जल्द ही मुआवजा मिलेगा। खाते में रुपया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान को पहले कोई नहीं पूछता था, आज हमारे विधायक, सांसद 24 घंटे में मदद देते हैं। हमारी सरकार में गन्ना भुगतान हो रहा है। मिलें शुरू हो गया है। किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे। इस बार धान केंद्र पिछले साल से ज्यादा बनाए गए हैं। अगर किसानों की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी।
मुलायम परिवार पर निशाना साधा। पिछली सरकार में नौकरी के बदले वसूली की बात कही पर भाजपा सरकार के साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख लोगों को नौकरी दी गई, एक रुपया किसी को नहीं देना पड़ा। 24 घंटे बिजली की बात कही।
