हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने लगाई घोषणाओं की झड़ी, जानें क्या-क्या कहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के युवाओं के लिए हल्द्वानी में आईटी एकेडमी खोली जाएगी। ये एकेडमी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर में खुलेगी। उत्तराखंड महोत्सव में आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की। सीएम ने साथ ही पूर्व सीएम व कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे एनडी तिवारी के नाम पर उनके गांव को जाने …

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के युवाओं के लिए हल्द्वानी में आईटी एकेडमी खोली जाएगी। ये एकेडमी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर में खुलेगी। उत्तराखंड महोत्सव में आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की। सीएम ने साथ ही पूर्व सीएम व कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे एनडी तिवारी के नाम पर उनके गांव को जाने वाली सड़क के नामकरण का ऐलान किया।

राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मिनी स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार हर वर्ग का ख्याल रख रही है। युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए अब सरकार मार्गदर्शक के रूप में काम करेगी। इसके लिए हल्द्वानी स्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में आईटी एकेडमी खोली जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे एनडी तिवारी को याद करते हुए सीएम ने कहा कि पंतनगर सिडकुल को उनके नाम से जाना जाएगा।

इसकी घोषणा पहले ही हो चुकी है अब शासनादेश भी जारी हो गया है। अब उनके गांव बल्यूटी को जाने वाली सड़क भी एनडी तिवारी के नाम से ही जानी जाएगी। राज्य में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन बांटने वाले कोटेदारों का लाभांश 18 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति कुंतल होगा। मिनी स्टेडियम के पवेलियन पर टीन शेड लगेगा। निकाय कर्मियों का डीए बोर्ड के अनुमोदन के बाद 17 से बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने, महिलाओं को कार्बेट सफारी की तर्ज पर पर्यटन से जोड़ने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

जगह-जगह हुआ विरोध
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जगह-जगह विरोध भी किया गया। आंदोलनरत एचपी कर्मियों ने सीएम को काले झंडे दिखाए। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर भोजनमाताएं विरोध करते हुए मंच तक पहुंच गईं। एसटीएच व मेडिकल कालेज के उपनल कमिर्यों समेत तमाम लोगों ने ज्ञापन सौंपे।

शहीद आंदोलनकारियों के परिजन सम्मानित
राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के परिजनों को सीएम ने सम्मानित किया। आपदा के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अफसरों, पुलिसकर्मियों, स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र दिये गये।

वात्सल्य योजना के चेक सौंपे
कोविड काल के दौरान अभिभावकों को खोने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री ने सहायता राशि के चेक सौंपे। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को भी धनराशि के चेक दिये गए।

 

संबंधित समाचार