हल्द्वानी: खुफिया पुलिस फेल, काले झंडे लेकर दौड़ी पहाड़ी आर्मी
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन से पहले ही विरोध की तैयारी कर ली गई और इसकी भनक खुफिया को भी थी, लेकिन खुफिया तंत्र फेल हो गया और जब मुख्यमंत्री का काफिला नैनीताल रोड से गुजरा तो पहाड़ी आर्मी के लोग काले झंडे लेकर फ्लीट की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन से पहले ही विरोध की तैयारी कर ली गई और इसकी भनक खुफिया को भी थी, लेकिन खुफिया तंत्र फेल हो गया और जब मुख्यमंत्री का काफिला नैनीताल रोड से गुजरा तो पहाड़ी आर्मी के लोग काले झंडे लेकर फ्लीट की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

तिकोनिया चौराहे पर उपनल का प्रदर्शन चल रहा है। एचपी कंपनी के कर्मचारी भी प्रदर्शन का मूल स्थान छोड़ कर बुधवार को नैनीताल रोड स्थित पार्क में जम चुके थे। खुफिया के पास इनपुट था कि दोनों गुट मुख्यमंत्री का विरोध कर सकते हैं। इस लिहाज से पुलिस ने दोनों धरना स्थल की घेराबंद कर ली थी, लेकिन पहाड़ी आर्मी खुफिया इनपुट से एक कदम आगे निकली।
पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारी धरना स्थल से दूर रोड किनारे एक स्कॉर्पियो के पास छिप गए। इसी बीच खुफिया और पुलिस को पता लगा कि उक्त लोग विरोध कर सकते हैं और इसी बीच मुख्यमंत्री की फ्लीट वहां से गुजरी। तभी पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारी काले झंडे लेकर फ्लीट की ओर दौड़ पड़े।
मौके पर खड़े एसपी सिटी डॉ.जगदीश, सीओ सिटी शांतनु पाराशर टीम के साथ पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारियों की ओर दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हरीश रावत समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
