बरेली: तस्करों की शामत, अवैध संपत्तियों पर अभी और चलेगा बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में पूर्व में तैनात रहे कई इंजीनियरों की मिलीभगत के बाद कई तस्करों ने नक्शा पास कराए बगैर ही बेशकीमती भवनों का निर्माण करा लिया है। ऐसे तस्करों के खिलाफ बीडीए ने मोर्चा खोलते हुए फतेहगंज पश्चिमी, उमरिया रोड व अन्य जगहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में पूर्व में तैनात रहे कई इंजीनियरों की मिलीभगत के बाद कई तस्करों ने नक्शा पास कराए बगैर ही बेशकीमती भवनों का निर्माण करा लिया है। ऐसे तस्करों के खिलाफ बीडीए ने मोर्चा खोलते हुए फतेहगंज पश्चिमी, उमरिया रोड व अन्य जगहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके कई करोड़ की लागत से बने भवनों को ध्वस्त कर दिया।

बीडीए के सूत्रों की मानें तो अभी कई और तस्करों को भी चिन्हित किया गया है। इसके नोटिस भी जारी हो चुके हैं। अब इन तस्करों के भवनों को नेस्तनाबूद करने की तैयारी चल रही है। ऐसे में तस्करी के काले कारोबार में शामिल लोगों की नींद उड़ी हुई है।

अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण को लेकर नगर निगम का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। तीन महीने के अंदर ऐसे भवनों पर बड़ी कार्रवाई प्राधिकरण ने पुलिस की मदद के साथ की है। वहीं स्मैक की तस्करी से बेशुमार दौलत कमाने वाले तस्करों के ऐसे भवनों पर बीडीए ने निशाना लगा लिया है, जो बिना नक्शा पास बनकर खड़े हो गए हैं।

पिछले दिनों फतेहगंज पश्चिमी में तमाम तस्करों के अवैध भवनों पर प्राधिकरण बुलडोजर चला चुका है। गुरुवार को नकटिया नदी के पास भी ऐसे ही भवनों को जेसीबी से ढहा दिया गया। सूत्रों की मानें तो तस्करी से जुड़े 10 से 12 लोगों की संपत्तियों को चिन्हित कर लिया गया है और इन निर्माणों को तोड़ने की तैयारी चल रही है।

बिना नक्शा पास किए भवनों का निर्माण किया गया। ऐसे भवनों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही और भी कई बड़ी कार्रवाई के लिए प्राधिकरण ने तैयारी कर ली है। -जोगिंदर सिंह, उपाध्यक्ष, बीडीए

संबंधित समाचार