बरेली: गंगा स्नान के लिए रेलवे दो दिन चलाएगा मेला स्पेशल
बरेली, अमृत विचार। रामगंगा मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत दी है। गुरुवार और रविवार को रेलवे श्रद्धालुओं के लिए मेला स्पेशल का संचालन करेगा। कोरोना की वजह से अभी अनारक्षित टिकटों की बिक्री बंद है लेकिन इस ट्रेन में श्रद्धालु अनारक्षित टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। इस ट्रेन के …
बरेली, अमृत विचार। रामगंगा मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत दी है। गुरुवार और रविवार को रेलवे श्रद्धालुओं के लिए मेला स्पेशल का संचालन करेगा। कोरोना की वजह से अभी अनारक्षित टिकटों की बिक्री बंद है लेकिन इस ट्रेन में श्रद्धालु अनारक्षित टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। इस ट्रेन के लिए सभी स्टेशनों पर अनारक्षित टिकटों की बिक्री की जाएगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु रामगंगा में स्नान के लिए जाते हैं। इनमें आसपास के स्टेशनों से आने वाले यात्री काफी संख्या में होते हैं। मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन बरेली से अलीगढ़ और अलीगढ़ से बरेली के बीच किया जाएगा। मेला स्पेशल बरेली जंक्शन से 18 और 19 नवंबर को सुबह 04:55 बजे चलकर 05:14 बजे राम गंगा, 05:27 बजे बिशारतगंज, 05:36 बजे निसोई, 05.55 बजे आंवला से चलकर सुबह 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी।
वहीं अलीगढ़ से सुबह 11:30 बजे चलकर 17:50 बजे बरेली पहुंचेगी। उत्तर रेलवे द्वारा संचालित मौजूदा वक्त में केवल बरेली-दिल्ली-बरेली ट्रेन में ही अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने की अनुमति है। अब इस मेला स्पेशल में भी यात्री अनारक्षित टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। बरेली जंक्शन के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन में 11 सामान्य और 2 स्लीपर कोच लगाए जाएंगे। कुल मिलाकर ट्रेन 13 कोचों के साथ रफ्तार भरेगी।
