हल्द्वानी: हैंडलूम प्रदर्शनी के नाम पर हो रहा व्यापारिक नुमाइश का आयोजन, प्रशासन मौन
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना काल में केवल एक ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में व्यापारिक नुमाइश लगाई जा रही है। मजे की बात यह है कि इस नुमाइश में जिला उद्योग केंद्र और हथकरघा विभाग का कोई हस्तक्षेप नहीं है। इसके बावजूद लोगों को भ्रमित करने के लिए इसका …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना काल में केवल एक ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में व्यापारिक नुमाइश लगाई जा रही है। मजे की बात यह है कि इस नुमाइश में जिला उद्योग केंद्र और हथकरघा विभाग का कोई हस्तक्षेप नहीं है। इसके बावजूद लोगों को भ्रमित करने के लिए इसका नाम हैंडलूम प्रदर्शनी रखा गया है। ये सब स्थानीय प्रशासन और ठेकेदार की मिलीभगत से हो रहा है।
नैनीताल जिले में स्थानीय प्रशासन कोविड नियमों को ताक पर रखकर नुमाइश लगवा रहा है। जिला उद्योग केंद्र नैनीताल के अनुसार एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में लगाई जा रही हैंडलूम प्रदर्शनी में उसका कोई भी हस्तक्षेप नहीं है। विभाग का इस हैंडलूम प्रदर्शनी से कोई लेना देना नहीं है। इधर, हथकरघा विभाग का कहना है कि उनका आयोजन से कोई लेना-देना नहीं हैं। हैंडलूम प्रदर्शनी निजी स्तर पर लगाई जा रही है। विभाग की ओर से इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है।
जहां तक हैंडलूम प्रदर्शनी की बात है तो उसे कहीं भी लगाने में जिला उद्योग केंद्र और हथकरघा विभाग की पूरी भूमिका होती है। वहीं, हल्द्वानी में लगाई जा रही हैंडलूम प्रदर्शनी में हथकरघा प्रदर्शनी के नाम पर मनोरंजन के सभी साधन लगाए जा रहे हैं। साथ ही जब जिला उद्योग केंद्र और हैंडलूम विभाग का इस प्रदर्शनी से कोई लेना देना नहीं है तो यहां स्थानीय हथकरघा उद्योग से जुड़े स्वयं सेवी संस्थाएं किस तरह यहां अपना माल बेचने आएंगे, यह भी समझ से परे है।
स्वास्थ्य विभाग दे चुका है तीसरी लहर की चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग पहले ही कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी जारी कर चुका है। विभाग के अनुसार टीकाकरण के बावजूद कभी भी कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। ऐसे में लोगों को कोविड नियमों का पालन करना आवश्यक है।
कोरोना के बाद से नहीं लगाई कोई हथकरघा प्रदर्शनी
जिला उद्योग केंद्र नैनीताल के अनुसार कोरोना से पहले हथकरघा प्रदर्शनी का आयोजन करवाया जाता था लेकिन कोरोना का दौर शुरू होने के बाद से अभी तक जिले में किसी भी तरह की हथकरघा प्रदर्शनी नहीं लगाई है।
मानकों की अनदेखी
किसी भी हथकरघा प्रदर्शनी में प्रवेश शुल्क नहीं रखा जाता है। वहां विभागों का पूरा जोर इस बात पर होता है कि हथकरघा से जुड़े उत्पादों के साथ ही अन्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए लेकिन एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में लगाई जा रही हैंडलूम प्रदर्शनी में आम व्यापारिक नुमाइश की तरह प्रवेश शुल्क है और यहां पर मनोरंजन के बड़े-बड़े साधन लगाए जा रहे हैं।
एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में लगाई जा रही हैंडलूम प्रदर्शनी से जिला उद्योग केंद्र का कोई भी संबंध नहीं है। यह निजी व्यापारियों द्वारा आयोजित की जा रही है।- विपिन कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी
हल्द्वानी में इस समय हथकरघा विभाग की ओर से कोई भी हथकरघा प्रदर्शनी का आयोजन नहीं किया जा रहा है।-नंदी बिष्ट, निदेशक, हथकरघा विभाग
